1985 में अटल बिहारी वाजपेयी ने श्रीनगर गढ़वाल में भी की थी सभा
अक्टूबर 1985 में अटल बिहारी वाजपेयी श्रीनगर भी आए थे। शहर के रामलीला मैदान में उन्होंने जनसभा को संबोधित भी किया था।
श्रीनगर गढ़वाल, पौड़ी [जेएनएन]: अपने गढ़वाल भ्रमण के दौरान अक्टूबर 1985 में अटल बिहारी वाजपेयी श्रीनगर भी आए थे। शहर के रामलीला मैदान में उन्होंने जनसभा को संबोधित भी किया था।
कल्याण सिंह और कलराज मिश्र भी उनके साथ इस भ्रमण में थे। उस समय सभा का संचालन कर रहे भाजपा युवा मोर्चा के तत्कालीन अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली बन्नू ने बताया कि वाजपेयी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंचे थे।
उनका भाषण सुनने के लिए अन्य दलों के कार्यकर्ता भी वहां मौजूद थे। रात्रि विश्राम श्रीनगर के लोनिवि गेस्ट हाउस में किया था। रात्रि का भोजन कार्यकर्ता योगेंद्र जैन के आवास पर और सुबह का नाश्ता आरएसएस कार्यकर्ता अरङ्क्षवद कुमार के आवास पर करने के उपरांत वाजपेयी श्रीनगर से गोपेश्वर प्रस्थान कर गए थे।
पार्टी को जोश परिपक्वता दोनों चाहिए
भाजपा युवा मोर्चा के तत्कालीन अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली को अटल बिहारी वाजपेयी ने 18 फरवरी 1986 को पत्र लिखकर गढ़वाल भ्रमण की यादों को बहुत अच्छा बताया। बन्नू को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा को बड़ी जिम्मेदारी भी है। उत्साह के साथ अनुशासन का मेल बनाना कठिन काम है। किंतु यह कठिन कार्य हमें करके दिखाना है। पार्टी को जोश और परिपक्वता दोनों चाहिए।