दुकान खोली तो होगी कार्रवाई
रविवार को बाजार बंद रखने के आदेश के बाद भी कई व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों को खोल रहे हैं।
संवाद सहयोगी, कोटद्वार: रविवार को बाजार बंद रखने के आदेश के बाद भी कई व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों को खोल रहे हैं। पुलिस व प्रशासन ने शहर में मुनादी कर व्यापारियों से दुकानें नहीं खोलने की अपील की। इस दौरान शहर के साथ ही नगर की गलियों को सैनिटाइजर किया गया।
कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए प्रत्येक रविवार को बाजार बंद कर शहर में सैनिटाइजर का छिड़काव किया जाता है। बावजूद इसके कुछ व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों को खोल रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने अपने वाहन से शहर में मुनादी कर व्यापारियों को प्रतिष्ठान खोलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। एसएसआइ प्रदीप नेगी ने बताया कि प्रतिष्ठान खोले जाने से सैनिटाइजर के छिड़काव में परेशानी होती है। नगर निगम व दमकल विभाग की ओर से बदरीनाथ मार्ग, झंडाचौक, पटेल मार्ग, स्टेशन रोड व देवी रोड क्षेत्र को सैनिटाइज किया गया। सफाई निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जिस गलियों में दमकल का वाहन प्रवेश नहीं कर सकता वहां छोटी मशीनों से छिड़काव किया जा रहा है।