पति और सास घर से गए हुए थे बाहर, लौटे तो फंदे पर लटकती हुई मिली बहू
संदिग्ध परिस्थिति में एक महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया। महिला ने पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। महिला को पंखे से लटका देख परिजनों में हड़कंप मच गया।
रामनगर, जेएनएन : संदिग्ध परिस्थिति में एक महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया। महिला ने पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। महिला को पंखे से लटका देख परिजनों में हड़कंप मच गया।
ग्राम कानिया निवासी अंजली जोशी (28) पत्नी आनंद बल्लभ जोशी की शादी 25 दिसंबर 2017 को हुई थी। महिला का मायका रानीखेत में है। उसकी दो माह की बच्ची हिमानी जोशी है। शनिवार को उसकी सास खष्टी देवी होली का सामान खरीदने बाजार आई थी। जबकि पति भी घर पर नहीं था। परिजनों के मुताबिक अंजली ने घर में दुपट्टे से पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। जब सास घर पहुंची तो वह पंखे से लटकी हुई थी। सूचना पर महिला का पति भी घर पहुंच गया। उसे परिजनों ने नीचे उतारा और संयुक्त चिकित्सालय लेकर आए। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीओ पंकज गैरोला व एसएसआइ कश्मीर सिंह भी चिकित्सालय पहुंच गए। सीओ ने मृतका के पति से पूछताछ की। पुलिस ने तहसीलदार पूनम पंत को सूचना दी। इसके बाद तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पंचायतनामा भरा गया।
पुलिस ने मृतका के मायके वालों को घटना की जानकारी दी। सीओ ने बताया कि महिला ने आत्महत्या की है। परिजनों के मुताबिक महिला ने डिप्रेशन में आत्मघाती कदम उठाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही वास्तविकता का पता चल पाएगा। मृतका के परिजन चिकित्सालय नहीं पहुंचे है। शव का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा।