काशीपुर में मिले शव की हुई शिनाख्त, जॉब इंटरव्यू के लिए घर से निकली थी महिला, हत्या की आशंका
ऊधमसिंहनगर जिले के काशीपुर कुंडा थाना क्षेत्र में पुलिया के नीचे मिले अज्ञात शव की सोमवार को शिनाख्त हो गई। महिला काशीपुर की वैशाली कॉलोनी की रहने वाली थी और मुम्बई में ब्याही थी। 15 जनवरी को वह इंटरव्यू देने के लिए काशीपुर से मुरादाबाद के लिए निकली थी।
काशीपुर, जागरण संवाददाता : ऊधमसिंहनगर जिले के काशीपुर कुंडा थाना क्षेत्र में पुलिया के नीचे मिले अज्ञात शव की सोमवार को शिनाख्त हो गई। महिला काशीपुर की वैशाली कॉलोनी की रहने वाली थी और मुम्बई में ब्याही थी। 15 जनवरी को वह इंटरव्यू देने के लिए काशीपुर से मुरादाबाद के लिए निकली, लेकिन वापस नहीं आई। रविवार शाम को ग्राम मिश्रावाला और ग्राम कुंडा के बीच जसपुर को जाने वाली रोड पर एक अज्ञात महिला का शव मिला था। पुलिस ने शाम से ही शिनाख्त कराने का प्रयास शुरू कर दिया था।
शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रख दिया गया था। सोमवार सुबह महिला की शिनाख्त काशीपुर के मोहल्ला वैशाली कॉलोनी निवासी जजी कोर्ट रामपुर से रिटायर पेशकार अभय जौहरी की 32 वर्षीय बेटी अलका जौहरी के रूप में हुई। पोस्टमार्टम हाउस पर स्वजनों ने बताया कि अलका की शादी साल 2015 में ठाड़े मुंबई में हुई थी। उसके पति का नाम कमलेश सुगंध है। बीते पांच साल से महिला मुंबई में ही रह रही थी। लॉकडाउन के दौरान वह मुंबई से वापस काशीपुर वैशाली कॉलोनी आ गई थी।
लॉकडाउन से लेकर अब तक हुआ वैशाली कॉलोनी में ही रह रही थी। अलका ने एमबीए की पढ़ाई की थी। इन दिनों वह नौकरी की तलाश कर रही थी। 15 जनवरी की सुबह वह घर से मुरादाबाद जाने के लिए निकली। जाते समय महिला के पास मोबाइल, 50,000 रुपये और बैंक लॉकर की चाबियां थीं, जो अब गायब हैं। मुरादाबाद में महिला को एक बड़े उद्योगपति के पास इंटरव्यू के लिए जाना था। मुरादाबाद में ही रहने वाली एक आंटी के यहां ठहरना था, लेकिन सोमवार को पता चला कि महिला मुरादाबाद में आंटी के यहां नहीं ठहरी थी। महिला के मायके वाले मूल रूप से रामपुर के रहने वाले हैं। तीन भाई बहनों में वह सबसे बड़ी थी। घर में छोटा भाई अनुज जोहरी छोटी बहन प्राची जोहरी मां कमला जौहरी व एक चार साल का बेटा तनय जौहरी हैं। मां कमला देवी रिटायर टीचर है। स्वजनों के अनुसार महिला शादी से पहले हरिद्वार में प्राइवेट जॉब करती थी। लेकिन शादी के बाद उसने जॉब छोड़ दी थी।
मोबाइल, नकदी और चाबियां गायब होने से उठे सवाल
महिला का मोबाइल, 50 हजार की नकदी और चाबियां गायब होने से कई सवाल पैदा हो रहे हैं। सामान गायब होना हत्या या अनहोनी की ओर इशारा कर रहा है। जब महिला का शव मिला था उस दौरान महिला के पास कोई सामान नहीं था। कोई ऐसी वस्तु उसके पास नहीं मिली जिससे उसकी शिनाख्त तक हो पाती। ऐसे में सवाल पैदा हो रहा है कि महिला का सामान कहां गया। अलका की बहन का कहना है कि शुक्रवार और शनिवार को उसकी अलका से बात भी हुई थी। सब कुछ ठीक था, कुछ भी गड़बड़ी की आशंका नहीं थी। लेकिन अचानक से मनहूस खबर है आई। थानाध्यक्ष कुंडा विनोद फर्त्याल ने बताया कि पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है। महिला का सामान कहां गया इस बिंदु की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा।
इंटरनेट मीडिया से हुई परिवार को जानकारी
रविवार शाम को कुंडा क्षेत्र में महिला का अज्ञात शव मिलने की सूचना मीडिया और सोशल मीडिया में प्रसारित हो रही थी। इसी दौरान महिला के परिवार वालों की नजर एक फेसबुक पोस्ट पर पड़ी, जिसमें महिला का फोटो दिखाई दे रहा था। उसी पोस्ट के आधार पर महिला की शिनाख्त हुई और वह मोर्चरी पहुंचे। पहुँचने पर पता चला कि यह उनकी बहन-बेटी है।