महिला ने परिजनों से जान का खतरा बताया, पुलिस को दी तहरीर
रामनगर में उक शादीशुदा महिला ने परिजनों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
संवाद सहयोगी, रामनगर : शादीशुदा महिला ने परिजनों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पीड़िता ने राज्य महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी से भी मदद की गुहार लगाई है।
मंगलवार को मोहल्ला खताड़ी निवासी तरन्नुम जहा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि डेढ़ साल पूर्व उसकी शादी ठाकुरद्वारा उत्तर प्रदेश निवासी युवक से हुई थी। पति से परेशान होकर उसने उसे छोड़ दिया है। इधर बीती नौ अक्टूबर को उसने रामनगर खताड़ी निवासी शहनवाज से शादी कर ली। उसके परिजन इस शादी के खिलाफ हैं। उसने आरोप लगाया कि उसे अपनी मा गुड्डो और चाची से जान का खतरा है। बताया कि उसके परिजन आये दिन मारपीट, गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देते रहते हैं। वह लोग कभी भी उसके साथ बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। बताया कि वह बहुत डरी सहमी है।
उसने बताया ठाकुरद्वारा पुलिस को भी परिजनों के खिलाफ तहरीर दी है। कोई कार्रवाई न होने पर उसने महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी को भी पूरे मामले की जानकारी दी। इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।