पेड़ से लटका मिला नेपाली महिला का कंकाल, पुलिस ने कब्जे में लेकर पति से शुरू की पूछताछ
चंपावत जिले के तल्लापाल बिलौन के छतकोट में पेड़ से नेपाली महिला का कंकाल लटका दिखने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला की शिनाख्त करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत करीब एक माह पूर्व होने का अंदेशा है।
चम्पावत, जेएनएन : चंपावत जिले के तल्लापाल बिलौन के छतकोट में पेड़ से नेपाली महिला का कंकाल लटका दिखने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला की शिनाख्त करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत करीब एक माह पूर्व होने का अंदेशा है। बुधवार को डॉक्टरों ने शव का पोस्टमार्टम तो किया लेकिन मरने का कारण का पता नहीं चल पाया। डॉक्टरों ने कंकाल की हड्डी, बाल, अंगूठा व अंगुली डीएनए जांच के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस महिला के पति से पूछताछ कर रही है।
मंगलवार शाम छतकोट क्षेत्र में नदी किनारे पेड़ पर एक कंकाल लटका होने की जानकारी ग्रामीणों को लगी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाल धीरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव पूरी तरह से सड़ गया था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि इसकी मौत एक माह पूर्व हुई होगी। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि यह एक नेपाली महिला का कंकाल है। मृतका दीपिका 32 पत्नी अर्जुन सिंह के साथ छतकोट में रहती थी।
कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि करीब एक माह पूर्व दोनों में कहासूनी के बाद वह कहीं चली गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी महिला का पता नहीं चला। पति ने बताया कि दीपिका अक्सर घर छोड़ कर चली जाती लेकिन कुछ दिनों बाद अपने आप वापस आ जाती। इस बार वह वही मानकर पुलिस के पास गुमशुदगी दर्ज कराने नहीं कह गया।
महिला मूलरूप से महेंद्र नगर नेपाल की रहने वाली है। पुलिस ने कंकाल को पीएम के लिए भेज दिया। बुधवार को डा. वेंकटेश द्विवेदी व डा. एचएस ऐरी ने पीएम किया। उन्होंने बताया कि शव के पूरी तरह से गल जाने के कारण मौत के कारण का पता नहीं चल सका। डीएनए जांच के लिए कंकाल की हड्डी, बाल, पैर का अंगूठा व हाथ की अंगुली भेजी है। पुलिस मामले में पति से पूछताछ कर रही है।