Uttarakhand Roadways : दिल्ली आइएसबीटी खुलने पर ही चलेंगी हाइटेक वाॅल्वो बसें
रोडवेज हाइटेक बस वाॅल्वो का संचालन नहीं करेगा। यात्रियों को दिल्ली व देहरादून जाने के लिए सामान्य बसों में ही सफर करना पड़ेगा। निगम मुख्यालय का दावा है कि दिल्ली में आइएसबीटी बंद होने और दून रूट पर बहुत ज्यादा सवारियां नहीं होने के कारण वाल्वो नहीं चलाई जा रही।
हल्द्वानी, जेएनएन : उत्तराखंड परिवहन निगम अभी हाइटेक बस वाॅल्वो का संचालन नहीं करेगा। यात्रियों को दिल्ली व देहरादून जाने के लिए सामान्य बसों में ही सफर करना पड़ेगा। निगम मुख्यालय का दावा है कि दिल्ली में आइएसबीटी बंद होने और दून रूट पर बहुत ज्यादा सवारियां नहीं होने के कारण वाल्वो नहीं चलाई जा रही। हालांकि, अंदरखाने संचालन को लेकर प्रक्रिया जरूर चल रही है। बस आइएसबीटी खुलने का इंतजार है।
23 मार्च को उत्तराखंड परिवहन निगम ने बसों का संचालन ठप कर दिया था। सिर्फ दिल्ली-हरियाणा से प्रवासियों को हल्द्वानी लाने के बाद घर तक छोडऩे के लिए बसें चलाई गई। पहले बसों को दो भाग यानी गढ़वाल व कुमाऊं मंडल में चलाया गया। कुमाऊं व गढ़वाल की बसों को हल्द्वानी व देहरादून जाने तक की अनुमति नहीं थी। क्योंकि, बीच में यूपी का हिस्सा पड़ता है। बाद में उत्तर प्रदेश रोडवेज से सहमति बनने पर बसों का चलाया जाने लगा।
फिलहाल यूपी, हरियाणा, पंजाबी, राजस्थान मार्गों पर भी बसें दौड़ाई जा रही है। मगर निगम की सामान्य बसों को ही रूट पर भेजा रहा है। दिल्ली और देहरादून रूट पर वाल्वो बसों की अक्सर डिमांड रहती थी। कुमाऊं में काठगोदाम डिपो द्वारा वाल्वो बसों का संचालन किया जाता है। इस बीच चर्चा थी कि इन अनुबंधित वाल्वो बसों को दिल्ली-दून भेजा जाएगा। मगर महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन ने बताया कि दिल्ली में आइएसबीटी के खुलने पर ही बसों को भेजा जाएगा।
आठ वाॅल्वो व चार एसी बस
परिवहन निगम के काठगोदाम डिपो के पास आठ वाल्वो और चार ऐसी बस हैं। जिनका संचालन दिल्ली व दून रूट पर किया जाता है। फिलहाल सभी 12 बसेंं 23 मार्च से डिपो में खड़ी है। दिल्ली आइएसबीटी बंद होने के कारण बस सिर्फ कौशांभी तक जा रही है।