उत्तराखंड के कालाढूंगी में स्कूली बच्चों में जमकर मारपीट, सड़क पर मचा हंगामा
कालाढूंगी के मुख्य बस स्टैंड पर अटल आदर्श इंटर कॉलेज के स्कूली बच्चे आपस में भिड़ गए, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात बाधित हुआ।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कालाढूंगी। कालाढूंगी मुख्य बस स्टैंड में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अटल आदर्श इंटर कॉलेज कालाढूंगी के एक दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे बीच सड़क पर आपस में भिड़ गए। बच्चों के बीच जमकर लात-घूंसे चले।
इस दौरान बच्चों ने एक-दूसरे के साथ जमकर गाली-गलौज भी की। सड़क पर करीब 15 मिनट तक चले हंगामे से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
राहगीरों और दुकानदारों की भीड़
घटनाक्रम को देखने के लिए मौके पर राहगीरों और दुकानदारों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस के बाद बच्चे भाग खड़े हुए।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, बच्चों के बीच पहले दो बार भी विवाद हुआ था। गुरुवार को इसी विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया और देखते ही देखते बच्चे आपस में भिड़ गए।मामले को लेकर कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए संबंधित बच्चों के परिजनों को कोतवाली बुलाया है।
बच्चों की काउंसलिंग कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कॉलेज प्रबंधन को भी चेतावनी दी गई है। बच्चों के बीच झगड़ा किस बात को लेकर हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
