क्रशरों पर खरीद बंद होने के कारण तीन दिन से हजारों वाहनों के चक्के जाम
बरेली व रामपुर रोड के करीब 20 क्रशरों की खरीद बंद होने के कारण पिछले तीन दिन से हजारों वाहनों के चक्के जाम हैं। जिस कारण बेरोजगारी के कगार पर आ चुके वाहन ने खरीद शुरू करने की मांग की है।
लालकुआं, जागरण संवाददाता : बरेली व रामपुर रोड के करीब 20 क्रशरों की खरीद बंद होने के कारण पिछले तीन दिन से हजारों वाहनों के चक्के जाम हैं। जिस कारण बेरोजगारी के कगार पर आ चुके वाहन ने खरीद शुरू करने की मांग की है। खनन निदेशालय देहरादून के शासनादेश के अनुसार उपखनिज खरीदने के तय लक्ष्य के पूरा होने के कारण नैनीताल जनपद में हल्द्वानी व लालकुआं में स्थित अधिकतर स्टोन क्रशरों ने गत शनिवार से उपखिनज की निकासी बंद कर दी। जिसके बाद से गौला नदी में संचालित साढ़े सात हजार वाहनों में पांच हजार वाहनों के चक्के जाम हो गए हैं। बाकी वाहन या तो अपने घरों के लिए बजरी व रेता एकत्र कर रहे हैं या फिर उपखनिज खरीद रहे क्रशरों को उपखनिज आपूर्ति कर रहे हैं।
इधर क्रशरों की खरीद बंद होने के कारण गौला नदी के कई निकासी गेटों पर सन्नाटा पसर गया है। बेरोजगार हो चुके वाहन स्वामी व चालक क्रशरों की खरीद शुरू करने की मांग कर रहे हैं। वाहन चालक भुवन दुर्गापाल, रमेश जोशी, अनिल भट्ट, शंकर जोशी आदि का कहना है कि वाहनों में टैक्स, बीमा समेत अन्य खर्च में हजारों रुपए लगे हैं, अब क्रशर उप खनिज नहीं खरीद रहे हैं, जिस कारण चालकों की तनख्वाह देना भी मुश्किल होते जा रहा है। उन्होंने जल्द खरीद शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पहले देते थे प्रलोभन अब बात करने को तैयार नहीं
गत वर्षों तक स्टोन क्रेशर स्वामियों में उप खनिज खरीदने की होड़ लगी रहती थी, क्रशर स्वामी वाहन स्वामी को प्रलोभन देकर अपने वहा उप खनिज लाने के लिए दबाव बनाता था। जबकि वाहन स्वामी भी पूरा फायदा उठाते हुए अपने मनमाफिक भाड़े पर ही क्रशरों में उपखनिज की सप्लाई करते थे। लेकिन आज स्थिति उल्टी है। बरेली व रामपुर रोड के अधिकतर स्टोन क्रशरों की खरीद बंद होने के कारण वाहन स्वामी उप खनिज खरीद रहे क्रशर स्वामियों की शरण में जा रहे हैं। लेकिन क्रशर स्वामी उपखनिज खरीदने में असमर्थता जता रहे हैं। या फिर भाड़े में कमी कर रहे है।
क्या है नीति
जनवरी 2021 को खनन निदेशालय ने शासनादेश जारी कर बरेली व रामपुर रोड के क्रशरों का उपखनिज खरीद का अलग अलग लक्ष्य निर्धारित किया था। निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपखनिज खरीदने पर उसे अवैध खनन मानते हुए कार्यवाही का प्रावधान रखा गया है। साथ ही तय लक्ष्य से अधिक उपखनिज खरीद प्रमाणित होने पर क्रशर का ई पोर्टल बंद करने की चेतावनी दी गई है।
नई खनन नीति के चलते आ रही है समस्या
क्रशर स्वामी विवेक मिश्रा, सुनील तलवार, राजेश अग्रवाल समेत तमाम क्रशर स्वामियों का कहना है की उनका उप खनिज खरीदने का लक्ष्य पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि नीति निर्धारण में तमाम खामियां हैं। अधिक क्षमता वाले को कम वह कम क्षमता वाले को अधिक उप खनिज खरीदने का लक्ष्य दिया गया है जिस कारण यह समस्या आ रही है।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें