Uttarakhand Weather Update : कुमाऊं के पर्यटन स्थलों पर बढ़ी ठंड, मायावती आश्रम के पास 2 डिग्री से नीचे पारा
Uttarakhand Weather Update मंगलवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 13 से 18 डिग्री के आसपास अंतर रह सकता है। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। आज हल्द्वानी नैनीताल पिथौरागढ़ और चंपावत में धूप निकली है। बागेश्वर में धुंध है लेकिन धूप निकलने के आसार है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : Uttarakhand Weather Update : नवंबर की विदाई में दो दिन बचे हैं। तापमान लगातार लुढ़क रहा है। देशी-विदेशी पर्यटकों को लुभाने वाले कुमाऊं के पर्यटन स्थलों के आसपास ठंड बढ़ गई है। चंपावत जिले का मायावती आश्रम सबसे ठंडा रहा।
सोमवार को मायावती आश्रम के पास न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड गया। चंपावत व अल्मोड़ा में रात को पारा तीन से चार डिग्री के करीब पहुंच रहा है। पर्यटकों की पसंद जागेश्वर, कौसानी, नैनीताल आदि जगहों पर सात से आठ डिग्री तापमान पहुंचने से सुबह व रात के समय ठंड बढ़ गई है।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 13 से 18 डिग्री के आसपास अंतर रह सकता है। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। आज हल्द्वानी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत में धूप निकली है। बागेश्वर में धुंध है, लेकिन धूप निकलने के आसार है।
पर्यटन स्थलों का न्यूनतम तापमान
लोहाघाट 1.6 डिग्री
जागेश्वर 7.6 डिग्री
कौसानी 7.9 डिग्री
अल्मोड़ा 4.3 डिग्री
पिथौरागढ़ 8.3 डिग्री
चंपावत 3.0 डिग्री
नैनीताल 8.6 डिग्री
गंगोलीहाट 8.1 डिग्री
बागेश्वर 9.6 डिग्री
चार दिन बदलाव के आसार नहीं
मौसम में अगले चार दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना नहीं है। वर्तमान में राजस्थान पर बने प्रतिचक्रवात के असर से हवाओं का रुख बार-बार बदल रहा है। जिसके चलते रात व दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला बना हुआ है। दो दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है।
इसके असर से हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढऩे पर सर्द हवाएं मैदानों की ओर आएंगी जिसके बाद चार दिसंबर से मैदानी इलाकों सहित प्रदेश के तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। तीखी सर्दी का दौर शुरू होगा।