जागरण संवाददाता, नैनीताल : Nainital Weather: मौसम विभाग का पूर्वानुमान सोमवार को सही साबित हुआ। मौसम ने अचानक से करवट बदली। इससे आसमान में पूरे दिन बादल छाए रहे। दोपहर में मुक्तेश्वर में करीब 20 मिनट वर्षा और हल्की बर्फबारी हुई।
वहीं, नैनीताल में पूरे दिन रिमझिम वर्षा के साथ कुछ देर ओले भी गिरे, जबकि नयनापीक में कुछ देर के लिए बर्फ के फाहे भी गिरे। मौसम में आए इस बदलाव के चलते कड़ाके ठंड पड़ने लगी है। पश्चिमी विक्षोभ का असर गत दिवस से दिखना शुरू हो गया था और सोमवार सुबह से रिमझिम वर्षा ने जमीन को भिगोना शुरू कर दिया।
तापमान में गिरावट आते ही नैनीताल नगर की सबसे ऊंची चोटी नयनापीक ओलों से सफेद होने लगी, मगर बारिश होते ही ओले पिघल गए। इधर नैनीताल नगर क्षेत्र में पूरे दिन रिमझिम बारिश होती रही। जिसका आम जनजीवन पर बुरा असर पड़ा है। नैनी झील में नौकायन ठप रहा।
जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अधिकतम तापमान सात व न्यूनतम तीन डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 90 व न्यूनतम 60 फीसद दर्ज की गई। बारिश 15 मिमी दर्ज की गई। वहीं भवाली में भी पूरे दिन वर्षा होती रही। इससे ठंड बढ़ गई है।
जिलेभर में बारिश, उच्च हिमालय में हिमपात
पिथौरागढ़ में आखिर मौसम मेहरबान हो गया। सोमवार अपराह्न से आसमान बरस रहा है। वहीं, उच्च हिमालय में रविवार रात से ही हिमपात जारी है। थल-मुनस्यारी मार्ग पर रातापानी से बलाती तक हिमपात हो चुका है।
खलिया टाप में पांच से छह इंच तक हिमपात हो चुका है। जबकि कालामुनि, बिटलीधार में दो इंच से तीन इंच हिमपात हुआ है।सोमवार सुबह से ही आसमान बादलों से घिरा था। उच्च हिमालय में हिमपात हो रहा था। अपराह्न तीन बजे से जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ सहित जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने लगी।
जबकि नेपाल सीमा से लगे धारचूला क्षेत्र में देर से बारिश हुई। मुनस्यारी से मिली जानकारी के अनुसार अपराह्न से थल मुनस्यारी मार्ग पर रातापानी से लेकर बलाती तक हिमपात होने लगा। जबकि खलिया टाप में सुबह से ही हिमपात हो रहा था। सोमवार सायं तक मार्ग यातायात के लिए खुला है।
रात्रि तक मुनस्यारी में भी हिमपात की संभावना जताई जा रही है। मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान माइनस एक और नौ डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है।उधर, धारचूला की उच्च हिमालयी दारमा घाटी, व्यास घाटी में भी सोमवार सायं से हिमपात प्रारंभ हो चुका है।
उच्च मध्य हिमालयी चौदास घाटी में भी कुछ स्थानों पर हिमपात की सूचना मिली है। जिलेभर में बारिश होने से लोगो में खुशी व्याप्त है। इस वर्ष शीतकाल में वर्षा नहीं के बराबर होने से फसलें पीली पड़ने लगी थी। बारिश को रबी की फसल के लिए लाभदायक बताया जा रहा है।
पर्यटकों की आमद से गुलजार रहा शहर
सरोवर नगरी में वीकेंड पर सैलानियों की आमद बढ़ने से शहर गुलजार नजर आया। इनमें डे विजिट पर पहुंचे पर्यटकों की संख्या अधिक रही। दोपहर तक शहर के भीतरी पार्किंग स्थल फुल हो गए, जिस कारण पार्किंग की तलाश में पर्यटक वाहन रेंगते रहे। मल्लीताल रिक्शा स्टैंड और मस्जिद तिराहे पर जाम की स्थिति बनी रही।
शहर पहुंचे पर्यटकों ने हिमालय दर्शन, केव गार्डन, चिड़ियाघर, सरिताताल, स्नोव्यू, वाटरफाल में जमकर सैर सपाटा किया। मालरोड पर भी पर्यटकों की भारी भीड़ नजर आई।
झील में ठंड के बावजूद नौकायन करने वाले पर्यटकों का तांता लगा रहा। नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट के अनुसार हिमपात की उम्मीद को लेकर काफी सैलानी पहुंच रहे हैं। यदि हिमपात हुआ तो सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ेगी।