जासं, हल्द्वानी : Uttarakhand Weather Today: नैनीताल समेत पहाड़ों पर बारिश से मैदानी क्षेत्रों का पारा गिर गया है। पिछले दो दिनों में औसत तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस से अधिक गिरावट देखने को मिली है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है।

नैनीताल और मुक्तेश्वर में पांच एमएम बारिश दर्ज

पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार रुक-रुककर वर्षा का क्रम जारी है। हल्द्वानी में सुबह से धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद हवा की रफ्तार काफी तेज हो गई, जिससे ठंडी हवाओं का अहसास होने लगा।

शहर का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। दो दिन पूर्व शहर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था। इधर, नैनीताल और मुक्तेश्वर में पांच एमएम बारिश दर्ज हुई है।

पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अगले कुछ दिन मौसम का मिजाज बदले रहने का अनुमान है। शनिवार को भी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा, चोटियों पर हिमपात की संभावना है। साथ ही निचले क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और अंधड़ को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है।

भारी हिमपात से तवाघाट-लिपुलेख मार्ग बंद, वाहन फंसे

पिथौरागढ़ में शुक्रवार को आसमान बादलों से घिरा रहा। उच्च हिमालय में हिमपात हुआ। जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। तापमान में गिरावट से एक बार फिर सर्दी वाला मौसम लौट चुका है। धारचूला से मिली जानकारी के अनुसार बूंदी से लेकर चीन सीमा लिपुलेख तक हिमपात हुआ है।

बूंदी से छियालेख के बीच भारी हिमपात और हिमपात के चलते हुए भूस्खलन से मार्ग बंद हो चुका है। उच्च हिमालय गए 10 से 12 वाहन छियालेख में फंसे रहे। धारचूला से उच्च हिमालय को जाने वाले वाहन बूंदी से वापस लौटे। मौसम का मिजाज बदला हुआ है।

नैनीताल में भारी वर्षा और ओलावृष्टि

नैनीताल में शुक्रवार दोपहर एक बजे मौसम ने तेजी से करवट बदली। तेज वर्षा के साथ ओलावृष्टि से करीब तीन घंटे तक पूरा नगर ठहर सा गया। सड़क समेत भवनों की छतों व अन्य स्थानों पर ओलों की सफेद चादर बिछ गई।

मौसम विभाग के अनुसार 29 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई। इस बीच शहर के अधिकतर हिस्सों की बिजली गुल हो गई। देर शाम तक ऊर्जा निगम की टीम लाइनों को दुरुस्त करने में लगी रही।

21 तक वर्षा की संभावना बरकरार, रहेगी ठंड

सीमांत जिलों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। शुक्रवार को चंपावत जिले के अधिकांश जगहों पर सुबह से ही बादल छाए रहे। बुधवार को जिला मुख्यालय में ओलावृष्टि के साथ हल्की वर्षा हुई।

देवीधुरा, पाटी, लोहाघाट, पंचेश्वर में भी छिटपुट वर्षा हुई। इससे ठंड बढ़ गई है। पिछले तीन दिनों में चंपावत जिले में 2.5 मिमी वर्षा हुई है। शुक्रवार को चंपावत जिला मुख्यालय का अधिकतम तापमान 21 डिग्री व न्यूनतम 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने 21 मार्च तक वर्षा की संभावना बने रहने की बात कही है। 18 व 19 को बादलों के बीच कुछ जगह छिटपुट वर्षा हो सकती है, जबकि 20 व 21 मार्च को चंपावत, पिथौरागढ़ जिलों के अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इससे अगले चार-पांच दिन सुबह व शाम के समय ठंड बनी रहेगी।

Edited By: Nirmala Bohra