यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand News: रामनगर में धर्म परिवर्तन कर निकाह करने की धमकी से सहमी छात्रा, स्कूल जाना छोड़ा
Religion Conversion Threat पीड़िता ने आरोप लगाया है कि युवक अलग-अलग मोबाइल नंबर से फोन कर उस पर निकाह करने ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, रामनगर : Religion Conversion Threat: नैनीताल जिले के रामनगर ब्लॉक के पीरूमदारा गांव में अल्पसंख्यक युवक द्वारा एक छात्रा को धर्म परिवर्तन कर निकाह के लिए दबाव डालने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपित की धमकी से परेशान किशोरी ने स्कूल जाना तक छोड़ दिया है। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस जांच में जुट गई है लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पुलिस कार्रवाई पर पीड़िता को जलाकर मारने की भी धमकी
पीड़िता का मुताबिक, आरोपित युवक अलग-अलग मोबाइल नंबर से फोन कर उस पर निकाह करने के लिए दबाव डाल रहा है। किशोरी ने ये भी आरोप लगाया है कि आरोपित युवक उसका धर्म परिवर्तन कराना चाहता है। वह धमकी दे रहा है कि यदि स्कूल आई तो वह उसे जबरन उठा ले जाएगा। इस कारण उसने स्कूल जाना तक छोड़ दिया है। वह धमकी दे रहा है कि यदि पुलिस कार्रवाई हुई तो वह जेल से बाहर आकर उसे जलाकर मार डालेगा। शुक्रवार को चौकी पहुंची एक महिला ने भी मीडिया के समक्ष आरोपित युवक द्वारा छात्रा को धमकी देने की पुष्टि की।
पुलिस चौकी पहुंचे कई लोग
इधर मामले की भनक लगने पर पीड़िता के समर्थन में कई ग्रामीण और सेफ चाइल्ड संस्था के संचालक दीपांशु रावत, हिंदूवादी संगठन के सूरज चौधरी शुक्रवार को पीरूमदारा पुलिस चौकी पहुंच गए। उन्होंने छात्रा के स्वजनों की ओर से एक दिन पूर्व पुलिस चौकी में तहरीर देने के बाद भी आरोपित युवक के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं होने पर गहरी नाराजगी जताई।
पुलिस बोली- जांच के बाद ही करेंगे कार्रवाई
इधर स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपित युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ बलजीत भाकुनी ने बताया कि मामले की तहरीर चौकी में दी गई है। इसकी जांच कराई जा रही है। आरोपों की जांच के बाद ही इस मामले में कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।
