जागरण संवाददाता, नैनीताल : पूर्व विधायक सरिता आर्य को नैनीताल सीट से प्रत्याशी बनाने से भाजपा मेें असंतोष के स्वर उभरने लगे हैं। टिकट के दावेदार व मुख्यमंत्री के पीआरओ पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश आर्य टिकट न मिलने से बेहद आहत हैं। उनका कहना है कि वह कार्यकर्ताओं व समर्थकों से सलाह मशविरा करने के बाद अगला सियासी कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें क्यों दरकिनार किया, उसकी जानकारी नहीं है।
बोले उन्होंने पूरा जीवन संगठन के लिए लगा दिया। 2002 से दावेदारी कर रहे हैं, हर बार उनकी दावेदारी पर विचार नहीं किया गया। वहीं एक अन्य दावेदार भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अंबादत्त आर्य ने साफ किया है कि शुक्रवार को नैनीताल में बैठक करने के बाद वह प्रतिक्रिया देंगे। इधर, टिकट मिलने की आस लगाकर बैठे कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए हेम आर्य ने टिकट न मिलने पर फोन बंद कर लिया है।
हर दावेदार से मुलाकात करेंगी सरिता
नैनीताल: नैनीताल सीट से टिकट मिलने से उत्साहित पूर्व विधायक सरिता आर्य ने भाजपा हाईकमान का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि वह भाजपा नेता हेम आर्य समेत अन्य सभी टिकट के दावेदारों से मुलाकात करेंगी। पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग से एकजुट होकर चुनाव लड़ा जाएगा।
a