विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का हाल, घायलों की सांस बचाने वाली एंबुलेंस में ढोए जा रहे मजदूर

Published: Fri, 25 Sep 2026 11:34 AM (IST)

रुद्रपुर-काठगोदाम हाईवे पर 1033 आपातकालीन एंबुलेंस में मजदूरों और निर्माण सामग्री को ढोते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।

घायलों की सांस बचाने वाली एंबुलेंस में ढोए जा रहे मजदूर। जागरण

घायलों की सांस बचाने वाली एंबुलेंस में ढोए जा रहे मजदूर। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

प्रकाश जोशी, लालकुआं । घायल की सांसें बचाने के लिए दौड़ने वाली एंबुलेंस में अगर फावड़े, बेलचे और मजदूर सवार हों तो इसे व्यवस्था की विडंबना ही कहा जाएगा।

रुद्रपुर-काठगोदाम हाईवे पर 1033 आपातकालीन सेवा की एंबुलेंस का ऐसा ही वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने के बाद इसकी भूमिका और इस्तेमाल पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

गुरुवार को मोटाहल्दू में एनएचएआइ की 1033 एंबुलेंस से मजदूरों और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री उतारने का वीडियो जब इंटरनेट मीडिया में वायरल हुआ तो सामने आया। मोटाहल्दू व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे ने वीडियो बनाकर इसे फेसबुक पर अपलोड किया।

उनका आरोप है कि एंबुलेंस का इस्तेमाल नियमित रूप से मजदूरों को लाने-ले जाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को उनके कार्यालय के सामने एंबुलेंस से मजदूरों के साथ झाड़ू, परात और फावड़े उतारे गए। उनके मुताबिक एंबुलेंस के अंदर भी काफी गंदगी थी।

1033 नंबर पर फोन न उठने का भी आरोप

स्थानीय लोगों ने आपातकालीन सेवा के लिए जारी 1033 नंबर पर फोन नहीं उठने का आरोप भी लगाया है। कहा कि 10 सितंबर को मोतीनगर कट पर हुए सड़क हादसे के बाद पदमपुर देवलिया के ग्राम प्रधान रमेश जोशी ने 1033 नंबर पर फोन किया था, लेकिन काल रिसीव नहीं हुई।

हादसे में लालकुआं के खड़ी मोहल्ला निवासी रहीम खान की मौत हो गई थी। करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एनएचएआइ की एंबुलेंस को बुलाया गया, जिसके बाद शव को हल्द्वानी भेजा गया।

वीडियो मिलने पर होगी जांच

मामले में एनएचएआइ के परियोजना निदेशक अंचल जिंदल ने कहा कि उन्हें एंबुलेंस के इस तरह इस्तेमाल किए जाने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि एंबुलेंस में मजदूरों और निर्माण सामग्री को ले जाने का वीडियो सामने आया है तो उसे एनएचएआइ को भेजा जाए।

वीडियो मिलने के बाद मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सड़क हादसों में घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण होता है।