देश से लगी सभी सीमाएं सुरक्षित, नेपाल से रोटी-बेटी के संबंध : डॉ.जितेंद्र सिंह
केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ.जितेंद्र सिंह ने कहा कि देश से लगी सभी सीमाएं सुरक्षित हैं। हमारे पड़ोसी देश नेपाल से रोटी-बेटी के संबंध हैं।
खटीमा, जेएनएन : केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ.जितेंद्र सिंह ने कहा कि देश से लगी सभी सीमाएं सुरक्षित हैं। हमारे पड़ोसी देश नेपाल से रोटी-बेटी के संबंध हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश कोविड-19 से लड़ाई बेहतर लड़ाई लड़ रहा है। जिसमें हमारी जीत सुनिश्चित है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने यह बातें खटीमा विधानसभा में आयोजित वर्चुअल रैली के दौरान कहीं।
इंटरनेट के माध्यम से लाइव इस रैली को सुना गया। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों को आमजन को बताया व कहा कि मोदी सरकार ने आमजन, गांव, गरीब, मजदूर, किसान व सभी वर्गों के लिए ऐतिहासिक कार्य किये हैं। धारा 370 हटाने, राममंदिर निर्माण, तीन तलाक कानून, नागरिकता संशोधन बिल सहित आत्मनिर्भर भारत को लेकर ऐतिहासिक फैसले किए हैं।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि देश की एकता व अखंडता को बनाए रखना है। खटीमा सीमांत क्षेत्र है। इसलिए यहां के नागरिकों की देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका है। नेपाल से हमारे वर्षो पुराने संबंध है। देश की जनता को र्धर्य, साहस के साथ संयम बनाए रखना होगा। पीएम की अगुवाई में देश का चहुमुंखी विकास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम कोरोना महामारी से जीतेंगे। रैली के संयोजक विधायक पुष्कर सिंह धामी ने कोरोना महामारी से लड़ने के लिए आगे आने को कहा। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याण नीतियों से आमजन को लाभ मिल रहा है। देश की जनता को पीएम मोदी पर पूरा भरोसा है।
इस दौरान करीब एक हजार कार्यकर्ताओं ने रैली में हिस्सा लिया। इस मौके पर रैली के सह संयोजक हिमांशु बिष्ट, नंदन सिंह खड़ायत, किशन सिंह किन्ना, सतीश गोयल, गोविंद मेहता, जीवन धामी, रमेश जोशी, धाना भंडारी, विनोद जोशी आदि मौजूद थे।