नैनीताल घूमने का मन बना रहे हैं तो पढ़ लें ये खबर, वरना काठगोदाम पहुंच कर झेलनी पड़ सकती है मुसीबत
नैनीताल में यातायात व्यवस्था नियंत्रित रहे इस वजह से गाडिय़ों को रोककर लोगों को टैक्सी-बस से जाने को कहा जा रहा।
हल्द्वानी, जेएनएन : मैदानों में गर्मी की तपिश से बचने और छुट्टियां शुरू होने के कारण लोगों ने राहत के लिए पहाड़ों का रुख करना शुरू कर दिया है। ऐसे में पहाड़ के रास्तों पर वाहनों की भीड़ बढ़ने के कारण जाम की समस्या आम हो गई है। नतीजा ट्रैफिक व्यस्था सुचारु रखने के लिए टू व्हीलर वाहनों को काठगोदाम में ही रोक दिया जा रहा है और पुलिस प्रशासन पर्यटकों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट यूज करने का आग्रह कर रही है। ऐसे में लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी यही हालात बने रहे।
पीक सीजन शुरू होने के बाद नैनीताल में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले साल इंतजाम और बेहतर प्लानिंग नहीं करने की वजह से हाईवे पर सैलानियों को काफी परेशान होना पड़ा था। बुधवार को ईद का अवकाश होने से दबाव अचानक बढ़ गया। रामपुर, मुरादाबाद, बरेली आदि स्थानों से भी लोग नैनीताल की सैर को निकल पड़े। इनमें बाइक-स्कूटी से पहुंचने वालों की संख्या ज्यादा थी। वहीं, ट्रैफिक सुचारु रखने के लिए काठगोदाम पुलिस ने चौकी के आगे सुबह से चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। एक-एक वाहन को रोककर पूछताछ की गई। जिसके बाद दोपहिया वाहन चालकों को गाड़ी ले जाने से मना किया गया। कुछ लोगों ने इस पर नाराजगी भी जताई, लेकिन फिर वे मान गए। पुलिस के मुताबिक बेवजह भीड़ बढऩे पर सभी को परेशानी होगी। इसी के चलते दोपहिया वाहन रोके गए।
भीमताल मार्ग से भी लौटाया
एचएमटी तिराहे के पास भी चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुछ बाइक सवार बहाना बनाकर नैनीताल की ओर निकलते दिखे। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें वापस लौटा दिया। इस पर कई लोग बाइक पार्क कर बस-टैक्सी से निकल गए।
नैनीताल के हिसाब से चलेगा ट्रैफिक
नैनीताल में सैलानियों की संख्या बढऩे पर होटल से लेकर पार्किंग तक पैक हो जाते हैं। जिसके बाद बाहर से आए पर्यटकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पिछले साल प्रशासन की चूक से दिक्कत ज्यादा बढ़ गई थी, लेकिन अब शुरुआत से ही नैनीताल के यातायात दबाव के मुताबिक हल्द्वानी से गाडिय़ां जाने दी जाएंगी।
लोकल लोगों को जाने दिया
चेकिंग के दौरान पुलिस ने लोगों से नैनीताल जाने की वजह भी पूछी। जिसके बाद नैनीताल के स्थानीय लोगों को जाने दिया गया। जबकि कुछ लोगों ने जरूरी काम का हवाला दिया।
यह भी पढ़ें : पुलिस प्रशासन का टैफिक प्लान फेल, नैनीताल में फिर घंटों तक जाम में फंसे रहे पर्यटक
यह भी पढ़ें : इस गांव के बाशिंदों की उम्मीदों को पूरा होने में लग गया 70 साल का वक्त, जानिए
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप