प्रधानमंत्री मोदी के साथ चंद्रयान-टू की लाइव लैडिंग देखेंगे पिथौरागढ़ के दो छात्र NAINITAL NEWS
चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो टीम को शुभकामना संदेश भेजने वाले मानस एकेडमी के दो विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के साथ यान की लाइव लैडिंग देखने का अवसर मिलेगा।
पिथौरागढ़, जेएनएन : चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो टीम को शुभकामना संदेश भेजने वाले मानस एकेडमी के दो विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री के साथ यान की लाइव लैडिंग देखने का अवसर मिलेगा। इसरो की ओर से आभार जताते हुए विद्यालय को गिफ्ट पैक भेजा गया है।
विद्यालय के 2500 छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं ने चंद्रयान टू के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो की टीम को हस्ताक्षरयुक्त फ्लैक्सी भेजकर शुभकामना संदेश दिया था। उत्तराखंड से इसरो टीम को शुभकामना संदेश भेजने वाला मानस एकेडमी इकलौता स्कूल था। शुभकामना संदेश मिलने पर इसरो अध्यक्ष के. शिवन ने विद्यालय का आभार जताते हुए विद्यालय के संस्थापक निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंत को आभार पत्र प्रेषित किया है। साथ ही विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए गिफ्ट पैक भी भेजे हैं। विद्यालय के लिए इसरो की ओर से स्पेश क्विज-चंद्रयान-टू क्विज मेटेरियल भी भेजा गया है। विद्यालय स्तर पर चयनित 100 विद्यार्थी क्विज कोड को ऑनलाइन स्कैन कर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इन विद्यार्थियों में से पहले दो स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों को सात सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चंद्रयान टू की लाइव लैडिंग देखने का मौका मिलेगा। क्विज का आयोजन 26 अगस्त को होगा। जिसके लिए 24 सितंबर को स्क्रीनिंग की जाएगी। डॉ. पंत ने इसे विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि चंद्रयान-टू की सफलता देश को विश्व मानचित्र में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है।