निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली महिला सहित दो गिरफ्तार
पिथौरागढ़ में स्मार्ट मनी बी.कंपनी लिमिटेड चंद्रबनी देहरादून ने शिविर लगाकर लोगों ने निवेश कराया। कंपनी की स्वामी देविका पालीवाल और प्रबंधक कमल सिंह थापा के खातों में 4.42 लाख रुपये जमा हुए। बाद में पता चला कंपनी फर्जी है।
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़ : निवेश पर आकर्षक ब्याज और अन्य सुविधाओं का झांसा देकर 4.42 लाख की धोखाधड़ी के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी देहरादून में भी लोगों से ठगी का खेल खेल रहे थे।
पिथौरागढ़ निवासी सुमित सिंह और दीपक सिंह लुंठी ने कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि स्मार्ट मनी बी.कंपनी लिमिटेड चंद्रबनी देहरादून ने पिथौरागढ़ में शिविर लगाकर कंपनी में धन निवेश पर आकर्षक ब्याज और अन्य सुविधाओं का प्रलोभन दिया।
पिछले एक साल के भीतर दोनों ने कंपनी की स्वामी देविका पालीवाल और प्रबंधक कमल सिंह थापा के खातों में 4.42 लाख रूपये जमा किया गया। कंपनी ने इसमें से 3.05 लाख की धनराशि वापस दी, लेकिन शेष धनराशि देने से इंकार कर दिया।
पुलिस ने धारा 420 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक आपरेशन सुमित पांडे की अगुवाई में गठित टीम ने जांच की। जांच में पता चला कि कंपनी फर्जी है और लोगों को अधिक ब्याज का झांसा देकर धोखाधड़ी कर रही है।
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से दोनों आरोपी कमल सिंह थापा और देविका पालीवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों लोग देहरादून में भी लोगों से निवेश के नाम पर ठगी कर रहे थे। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई सोमेंद्र सिंह, कांस्टेबल सतेंद्र सुयाल, गोविंद सिंह, कविता मेहरा शामिल थे। साइबर सेल की प्रियंका इजराल ने सहयोग दिया।