चौफुला चौराहे पर सरेशाम 10वीं की छात्रा को अगवा करने का प्रयास
हल्द्वानी के चौफुला चौराहे पर सरेशाम स्कूल से घर लौट रही छात्रा के अपहरण का प्रयास किया गया।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : चौफुला चौराहे पर सरेशाम स्कूल से घर लौट रही छात्रा के अपहरण की कोशिश हुई। छात्रा के शोर मचाने पर जुटी भीड़ ने मनचले को पकड़ लिया। जमकर पिटाई के बाद उसे काठगोदाम थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पीड़िता की मां की लिखित शिकायत पर आरोपित किराना स्टोर कर्मी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपित को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
हरिपुर गांगू में रहने वाली एक किशोरी 10वीं की छात्रा है। मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह स्कूल से घर लौट रही थी। चौफुला चौराहे पर बाइक सवार मनचले ने उसका रास्ता रोक लिया। मनचला छात्रा का हाथ पकड़कर जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश करने लगा। छात्रा ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। भीड़ देखकर भागने की कोशिश कर रहे मनचले को लोगों ने दबोच लिया। छात्रा के आपबीती बताने पर भीड़ भड़क गई। मनचले की जमकर धुनाई लगाई गई। वहीं, घटना की सूचना छात्रा की मां पहुंची व काठगोदाम थाने में तहरीर दी गई। परिजनों के पहुंचने पर लोग मनचले को पकड़कर थाने ले आए।
काठगोदाम थानाध्यक्ष कमाल हसन ने बताया कि आरोपित मनचला मूल रूप से अल्मोड़ा जिले का रहने वाला हरीश सिंह बिष्ट है। वह वर्तमान में बिठोरिया नंबर एक में किराये पर रहकर मुखानी स्थित कुमाऊं जनरल स्टोर में काम करता है। छात्रा की मां की तहरीर पर आरोपित के विरुद्ध धारा 354डी व 3/4 पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। बेटी के साथ महिला लापता
भीमताल : वार्ड संख्या दो से एक महिला अपनी बेटी के साथ लापता हो गई है। घटना के 14 दिनों बाद महिला के पति ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि रामनिवास निवासी हरीश चंद्र ने बताया कि चार दिसंबर को दिन के एक बजे महिला सुनिता देवी (30) वर्ष अपनी बेटी पूजा (सात) के साथ स्कूल को गई थी तब से घर नहीं पहुंची। मालूम हो कि पति द्वारा पांच तारीख को पुलिस को मामले में सूचित किया था। पुलिस के द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी महिला का पता नहीं चल सका। संस।