नैनीताल में सैलानियों की भीड़ से बहार
माह के आखिरी वीकेंड पर शनिवार को सरोवर नगरी में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे।
जागरण संवाददाता, नैनीताल : माह के आखिरी वीकेंड पर शनिवार को सरोवर नगरी में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। इससे नगर की अधिकांश पार्किग फुल हो गई। होटल समेत पर्यटन से जुड़े कारोबार में अच्छा इजाफा हुआ। अनुमान है कि नगर में चार हजार से अधिक सैलानी पहुंचे।
भले ही कोविड महामारी जारी है, मगर पर्यटकों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। यहां बीती रात से सैलानियों का पहुंचना शुरू हो गया था, जो शनिवार देर रात तक जारी रहा। इसके चलते नगर की रंगत में निखार नजर आया। पर्यटन स्थलों में पूरे दिन सैलानियों की आवाजाही बनी रही। केव गार्डन में सर्वाधिक 550 सैलानी पहुंचे, जबकि चिडि़याघर में 541 सैलानियों ने वन्यजीवों के दीदार किए। वाटरफाल में 487 व बाटनिकल गार्डन में 92 सैलानी पहुंचे। रविवार को भी सैलानियों की आमद जारी रहेगी। इस बीच नगर मालरोड में शाम के समय चहल कदमी करने वाले सैलानियों की रौनक रही तो नैनीझील में पूरे दिन नौकाविहार करने वाले सैलानियों का तांता लगा रहा। सूर्यास्त का आनंद लेने के लिए सैलानी काफी संख्या में हनुमानगढ़ी पहुंचे हुए थे। इधर, नगर की डीएसए पार्किग दोपहर में ही फुल हो गई, तल्लीताल की पार्किग भी फुल हो गई थी।