खगोलीय घटनाओं के लिहाज से हसीन होगा अगस्त, बारिश संग होगी उल्काओं की चमकदार बारिश
खगोलीय घटनाओं के लिहाज से अगस्त महीना हसीन रहने वाला है। आसमान से एक तरफ मानसूनी बरसात होगी तो दूसरी तरफ उल्काओं की चमकदार बारिश भी देखने को मिलेगी।
नैनीताल, जेएनएन : खगोलीय घटनाओं के लिहाज से अगस्त महीना हसीन रहने वाला है। आसमान से एक तरफ मानसूनी बरसात होगी, तो दूसरी तरफ उल्काओं की चमकदार बारिश भी देखने को मिलेगी। चंद्रमा के साथ बृहस्पति, शुक्र का मिलन भी सुकून देने वाला होगा। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के खगोल विज्ञानी डॉ. शशिभूषण पांडे के अनुसार, ये सभी घटनाएं नग्न आंखों से देखी जा सकेंगी। हालांकि मानसूनी सीजन होने के कारण मौसम का खलल बनेगा, लेकिन जब बादल छटेंगे तो मनमोहक नजारे हमारे सामने होंगे।
चांद के करीब आएंगे मंगल, गुरु और शुक्र
चांद से ग्रहों के मिलन की पहली घटना नौ अगस्त को होगी, जब लाल ग्रह मंगल इसके करीब आएगा। पूरी रात दोनों ग्रह एक-दूसरे के साथ सफर करेंगे। मिलन की दूसरी घटना 15 अगस्त को होगी, जिसमें चंद्रमा के साथ शुक्र सफर तय करेगा। ग्रहों के मिलन की आखिरी घटना 29 अगस्त को होगी। इसमें बृहस्पति दूसरी बार चंद्रमा के साथ नजर आएगा।
तीन आसमानी आतिशबाजी भी
इस माह उल्कावृष्टिï यानि आसमानी आतिशबाजी की भी तीन घटनाएं होंगी। पहली आतिशबाजी 11 से 13 अगस्त के बीच होगी। उत्तर-पश्चिम दिशा में देखी जाने वाली आसमानी आतिशबाजी में एक घंटे के दौरान 40 से 50 जलती उल्काओं को देखे जाने का अनुमान वैज्ञानिकों ने किया है। आधी रात से भोर होने के पहले तक इस घटना को देखा जा सकेगा। इसके बाद 17 अगस्त को यह नजारा दिखेगा। इस उल्कावृष्टि में उल्काओं की संख्या बहुत कम नजर आएगी। माह के आखिरी दिन भी उल्कावृष्टि होगी। इसमें छह उल्काओं को प्रति घंटे की दर से देखा जाएगा।