निसर्ग साइक्लोन कुमाऊं में आज करा सकता है भारी बारिश
महाराष्ट्र में तबाही मचाने वाला निसर्ग साइक्लोन का असर कुमाऊं में भी पड़ सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: महाराष्ट्र में तबाही मचाने वाला निसर्ग साइक्लोन भले कमजोर पड़ गया हो, लेकिन इसके प्रभाव से कुमाऊं मंडल में बारिश शुरू हो गई है। हल्द्वानी में गुरुवार शाम झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कुमाऊं मंडल के अनेक स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
इस समय पूरे उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। वहीं, निसर्ग साइक्लोन के कारण गुजरात और दिल्ली की तरफ से भारी नमी आ रही है। जिसके प्रभाव के कारण अगले 24 घटों के दौरान कुमाऊं मंडल के अनेक स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मैदानी इलाकों में 20 से 25 मिमी, जबकि पर्वतीय इलाकों में 30 मिमी या उससे अधिक बारिश हो सकती है। देहरादून मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों में 60 किमी प्रति घटे तक की रफ्तार से अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की है।
इधर, गुरुवार शाम से ही मौसम में बदलाव दिखने लगा था। हल्द्वानी में शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश हुई। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री व न्यूनतम 12.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सरोवर नगरी में झमाझम बरसा पानी
प्री मानसून की बारिश ने गुरुवार को सरोवर नगरी को दो बार जमकर भिगोया। झमाझम बारिश से नाले उफान पर आ गए, सड़कें जलमग्न हो गई। जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मौसम खराब होने के कारण तापमान गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, न्यूनतम 14 रहा। बारिश 20 मिमी हुई।