जिला प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर गए क्रशर संचालक
बरेली व रामपुर रोड के क्रशर संचालक अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर चले गए हैं। उन्होंने उपखनिज पैमाइश के नाम पर जिला प्रशासन पर उत्पीडऩ का आरोप लगाया है।
हल्द्वानी, जेएनएन : बरेली व रामपुर रोड के क्रशर संचालक अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर चले गए हैं। उन्होंने उपखनिज पैमाइश के नाम पर जिला प्रशासन पर उत्पीडऩ का आरोप लगाया है। क्रशर स्वामियों के इस फैसले से जनपद का खनन कारोबार लड़खड़ा गया है।
डीएम के निर्देश पर इन दिनों क्रशरों में जिला प्रशासन और खनन विभाग द्वारा जांच की जा रही है। बीते गुरुवार व शुक्रवार को एसडीएम विवेक राय ने रामपुर रोड के दो क्रशरों में छापेमारी कर 74 लाख रुपये जुर्माना लगाया। इससे नाराज क्रशरों संचालकों ने शनिवार को बैठक कर प्रशासन पर उत्पीडऩ का आरोप लगाया। क्रशर संचालकों को कहना है कि गत वर्ष गौला से उपखनिज के साथ काफी मात्रा में मिट्टी भी आई। जिस कारण तैयार उपखनिज की गुणवत्ता तो खराब हुई ही, साथ ही मात्रा में भी काफी कमी आई है। जिस कारण बाजार से रेत-बजरी के खरीदार गायब हो गए है। संचालकों ने कहा कि हल्द्वानी के सभी क्रशर ईमानदारी के साथ क्विंटल के हिसाब से उपखनिज खरीदते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से फीता लगाकर मनमाने तरीके से जुर्माना लगाया जा रहा है। जिसके बाद सभी क्रशर संचालकों ने एकमत होकर अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल करने की निर्णय ले लिया है।
उनका कहना है कि मंदी के दौर में क्रशर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। ऊपर से प्रशासन मनमाने तरीके से जुर्माना लगाकर उनकी कमर तोड़ दे रहा है।
क्रशर स्वामियों के शिष्टमंडल ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। उन्होंने क्रशरों का सर्वे कर उनकी वास्तविक स्थिति जानने व उपखनिज को फीते के बजाय क्विंटल के हिसाब ने नापने की मांग की है।एसडीएम विवेक राय ने बताया कि क्रशर स्वामियों ने अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को प्रेषित ज्ञापन की प्रति दी है। जिसको डीएम के माध्यम से सीएम तक भेजा जाएगा। ज्ञापन देने वालों में कुमाऊं स्टोन क्रशर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, तरुण बंसल, महेश शर्मा, सुरेश पाल, बीआर शर्मा, कुलवंत नागपाल, खीमानंद सनवाल, विवेक अग्रवाल, विनोद जोशी आदि शामिल रहे।
बिगड़ सकते हैं आर्थिक हालात
क्रशरों की हड़ताल अगर ज्यादा दिन चली तो हल्द्वानी, लालकुआं समेत अनेक क्षेत्र में आर्थिक हालात बिगड़ सकते हैं। इस क्षेत्र की आर्थिकी खनन कारोबार से ही जुड़ी है। क्रशर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल का कहना है कि मंदी के चलते दिन प्रतिदिन कर्ज में डूबते जा रहे है। उपखनिज की बिक्री इतनी कम हो रही है कि कर्मचारियों को वेतन देने तक के लाले पड़ रहे है।