Uttarakhand Chunav 2022 : जानिए एसएस कलेर के बारे में सबकुछ, सीएम धामी के गृह क्षेत्र खटीमा से आप की तरफ से ठोंक रहे ताल
Uttarakhand Vidhan Sabha Chunav 2022 खटीमा विधान सभा क्षेत्र पुष्कर सिंह धामी के सीएम बनने से वीआइपी सीट बन चुकी है। प्रदेश में तीसरा विकल्प बनने की जुगत भिड़ा रही आम आदमी पार्टी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर को खटीमा से प्रत्याशी घोषित किया है।
संवाद सहयोगी, खटीमा : उत्तराखंड में चुनाव अब दहलीज पर आ गया है। पार्टियों के टिकट निर्णायक मोड़ पर हैं। खटीमा विधान सभा क्षेत्र पुष्कर सिंह धामी के सीएम बनने से वीआइपी सीट बन चुकी है। प्रदेश में तीसरा विकल्प बनने की जुगत भिड़ा रही आम आदमी पार्टी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर को खटीमा से प्रत्याशी घोषित किया है। कलेर भले ही राजनीति के मैदान में नए खिलाड़ी के रूप में उतरे हैं। पर वह आप पार्टी की नीतियों व लोक लुभावने वादों के दम पर आत्मविश्वास से भरे नजर आ रहे हैं। वह आप पार्टी के फाउंडर मेंबर भी हैं।
उत्तराखंड में चुनाव की बेला नजदीक आ गई है। हर दल का प्रत्याशी मतदाताओं को रिझाने को पूरे में लगा हुआ है। शुक्रवार को आप पार्टी ने एसएस कलेर को अपना उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। कलेर का राजनीति में नाम चर्चा में तब आया जब वह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बने। इसके बाद यह खटीमा में भी काफी सक्रिय दिखाए दिए। कलेर ने बताया कि वह खटीमा के दाह ढाकी गांव के निवासी हैं। उनका पूरा नाम सविंदर जीत सिंह कलेर है, सभी उन्हें एसएस कलेर ही कहते हैं। उनका परिवार खटीमा में 1952 से रह रहा है। मैट्रिक तक उनकी शिक्षा हुई है। उनका मुख्य पेशा खेती किसानी है।
उन्होंने कहा कि चुनाव में वह पार्टी की नीतियों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा जो तीन गारंटी राज्यवासियों के लिए लेकर आए हैं, उन्हें लेकर आमजन के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस उम्मीद से उन्हें चुनाव मैदान पर उतारा है। वह उस पर सौ फीसद खरा उतरने का प्रयास करेंगे। पार्टी पूरे दमखम से चुनाव लड़ेगी। यह उनका पहला चुनाव है। जिसमें वह पूरी तैयारी से चुनाव लड़ेंगे। कलेर ने बताया पार्टी को हर वर्ग का समर्थन मिला है। एससी एसटी वर्ग समाज पार्टी को समर्थन मिल रहा है।