Move to Jagran APP

पहाड़ों में बर्फबारी के बाद अब पाला, -0.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया मुक्तेश्वर में

पर्वतीय क्षेत्रों के 2500 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी से मैदानी इलाके भी ठिठुरने लगे हैं। सुबह व रात्रि के समय चलने वाली ठंडी हवा बदन पर चुभने लगी है।

By Edited By: Published: Fri, 14 Dec 2018 06:30 AM (IST)Updated: Sat, 15 Dec 2018 06:34 PM (IST)
पहाड़ों में बर्फबारी के बाद अब पाला, -0.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया मुक्तेश्वर में
पहाड़ों में बर्फबारी के बाद अब पाला, -0.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया मुक्तेश्वर में

हल्द्वानी, जेएनएन : पर्वतीय क्षेत्रों के 2500 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी से मैदानी इलाके भी ठिठुरने लगे हैं। सुबह व रात्रि के समय चलने वाली ठंडी हवा बदन पर चुभने लगी है। लगातार आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने से धूप पूरी तरह से नहीं खिल पा रही।
मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार) से अगले 36 घंटे में पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ भागों में पाला पड़ने की चेतावनी जारी की है। गुरुवार को मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से 11 डिग्री नीचे पहुंच गया। यहां दोपहर के समय अधिकतम तापमान 3.2 और सुबह के समय न्यूनतम तापमान माइनस 0.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। नैनीताल में अधिकतम तापमान 12 डिग्री और न्यूनतम 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बुधवार से लेकर गुरुवार सुबह तक मुक्तेश्वर व उसके आसपास के हिस्सों में 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पंतनगर-हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 23.2 व न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा। समूचे तराई-भाबर के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और मौसम शुष्क रहा। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को भी आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। कुमाऊं के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश व बर्फ पढ़ने की संभावना है। अन्य स्थानों पर मौसम शुष्क रहने के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाया रहेगा।

loksabha election banner

हिमकणों से कड़ाके की ठंड की चपेट में सरोवर नगरी
नैनीताल :
हिमकणों की बौछारों के साथ हुई बारिश से सरोवर नगरी बुधवार को कड़ाके की ठंड की चपेट में रही, जिसका आम जनजीवन पर बुरा असर पड़ा। नगर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों का तापमान गिरकर शून्य जा पहुंचा है। अत्यधिक ठंड के चलते पालिका ने 16 स्थानों पर अलाव जलाने शुरू कर दिए हैं। सरोवर नगरी में मौसम का मिजाज सुबह से ही बिगड़ा रहा। सुबह आठ बजे बारिश शुरू हो गई और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमकण गिरने लगे। कुछ देर बार बारिश तो थम गई, मगर घने बादल आसमान में डेरा डाले रहे। दस बजे फिर से कुछ देर के लिए बारिश के साथ हिमकणों की बरसात होने लगी। दोपहर में भी मौसम का मिजाज इसी तरह का बना रहा। विभिन्न शहरों से पहुंचे सैलानियों को ठंड से दो-चार होना पड़ा। लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आए। ईओ रोहिताश शर्मा के अनुसार ठंड को देखते हुए शहर के 16 स्थानों में अलाव जलाया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में तब्दीली आई है। आने वाले दिनों में भी ठंड बरकरार रहेगी। मौसम ठीक हो जाने के बाद पाला गिरेगा।
जीआइसी मौसम विभाग के अनुसार नगर के निचले क्षेत्रों में तापमान चार व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शून्य डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आ‌र्द्रता अधिकतम 80 व न्यूनतम 65 प्रतिशत दर्ज की गई। इन स्थानों पर जला अलाव नैनीताल : पालिका कर्मी ईश्वरी दत्त बहुगुणा के अनुसार, भोटिया बाजार, रिक्शा स्टैंड मल्लीताल, गांधी चौक तल्लीताल, फांसी गधेरा, तल्लीताल बाजार में दो स्थान, चीना बाबा मंदिर के पास अलाव जलाया जा चुका है, जबकि माल रोड समेत अन्य स्थानों पर जल्द ही अलाव की व्यवस्था की जाएगी। पालिका को इसके लिए तीन क्विंटल लकड़ी ही उपलब्ध हो सकी है।

यह भी पढ़ें : सर्द हवा से कांपे लोग, हल्द्वानी में आठ डिग्री तक लुढ़क गया तापमान


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.