चलती स्कूटी पर गिरा आठ फीट लंबा सांप, पूर्व मंत्री राम प्रसाद टम्टा की दुकान में घुसा
बागेश्वर में पूर्व मंत्री राम प्रसाद टम्टा के तांबे के बर्तनों की दुकान में सांप घुस गया। जिससे वहां अफरातफरी मच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने सांप को पकड़ लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया है।
बागेश्वर, जेएनएन : बागेश्वर में पूर्व मंत्री राम प्रसाद टम्टा के तांबे के बर्तनों की दुकान में सांप घुस गया। जिससे वहां अफरातफरी मच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने सांप को पकड़ लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया है। जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
बुधवार को बाजार में चहल-कदमी बढ़ने लगी। बड़ी संख्या में लोग जरूरी सामान खरीदने आए। करीब साढ़े 12 बजे तेज धूप निकल रही थी। पूर्व मंत्री राम प्रसाद टम्टा के बेटे अभिलेख टम्टा की दुकान है। उस समय दुकान में भीड़ थी। लोग सामान खरीद रहे थे। अचानक दुकान की छत से करीब आठ फीट लंबा सांप दुकान के आगे सड़क पर चल रही स्कूटी पर गिरा। स्कूटी चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टकरा गया।
हालांकि किसी को चोट नहीं आई। सांप टम्टा की दुकान के भीतर घुस गया। जिससे वहां अफरातफरी मच गई। तत्काल वन विभाग को फोन से सूचना दी गई। वन कर्मी अमित कनारी के नेतृत्व में टीम दुकान पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सांप को पकड़ लिया गया। रेंजर मनीष कुमार ने बताया कि सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है। टीम में दीवान कनवाल, विनोद पांडे, मनोज कुमार आदि शामिल थे।