थाने में बुलाकर महिला को बेरहमी से पीटने वाला एसआइ लाइन हाजिर, दो महिला कांस्टेबल निलंबित
पांच रोज पूर्व थाने बुलाकर महिला की बुरी तरह पिटाई करने वाली तीन महिला पुलिस कर्मियों पर सोमवार को गाज गिर गई।
पिथौरागढ़, जेएनएन : पांच रोज पूर्व थाने बुलाकर महिला की बुरी तरह पिटाई करने वाली तीन महिला पुलिस कर्मियों पर सोमवार को गाज गिर गई। प्रारंभिक जांच में मारपीट की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने महिला एसआइ को लाइन हाजिर करने के साथ ही दो महिला कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।
घंटाकरण निवासी कमला का कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। दूसरे पक्ष ने इस मामले में पुलिस में तहरीर दी थी। तहरीर पर कमला को घर से थाने बुलाया गया। कमला ने आरोप लगाया था कि थाने में एक अलग कक्ष में ले जाकर महिला एसआइ सुशीला आर्या, महिला कांस्टेबल माया बिष्ट और ममता कम्बोज ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। पिटाई के बाद वह चलने लायक स्थिति में नहीं थी। किसी तरह घर पहुंचने के बाद अगले रोज उसने मेडिकल कराया और पूरे मामले की जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता नम्रता बोहरा को दी। नम्रता अन्य महिलाओं को साथ लेकर पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरु से मिली और महिला को न्याय दिलाने की मांग की।
पुलिस अधीक्षक ने महिला के आरोपों की जांच कराई। उन्होंने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया जो साक्ष्य मिले हैं उससे महिला के आरोपों की पुष्टि हो रही है। पुलिस अधीक्षक ने एसआइ सुशीला आर्या को लाइन हाजिर कर दिया है। कांस्टेबल माया बिष्ट और ममता कम्बोज को निलंबित कर पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में दंडात्मक कार्रवाई के पुलिस क्षेत्राधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं।