विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नैनीताल के तल्लीताल बाजार में शार्ट सर्किट से जूते की दुकान में लगी आग, मची अफरा-तफरी

Published: Mon, 02 Mar 2026 09:35 PM (GMT+05:30)

नैनीताल के तल्लीताल बाजार में एक जूते की दुकान में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है।

तल्लीताल बाजार स्थित जूते की दुकान में लगी आग को व्यापारियों ने बुझा दिया।

तल्लीताल बाजार स्थित जूते की दुकान में लगी आग को व्यापारियों ने बुझा दिया।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, नैनीताल। शहर के तल्लीताल बाजार में आबादी क्षेत्र के बीच स्थित जूते की दुकान में आग लग गई। जिससे करीब आधे घंटे तक व्यापारियों व क्षेत्र के लोगों में अफरा तफरी मची रही।

दुकान से धुंआ उठता देख व्यापारियों व पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

हालांकि दुकान में काफी सामान आग की चपेट में आने से जलकर खराब हो गया। आग लगने के पीछे शार्ट सर्किट कारण माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक शहर निवासी विक्की लांबा की तल्लीताल बाजार में जूते की दुकान है। सोमवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद करके घर गये ही थे कि बाजार के व्यापारियों ने उनकी दुकान से धुंआ उठता देखा।

तत्काल दुकान स्वामी के साथ ही लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे विक्की लांबा ने दुकान खोल देखा तो भीतर रखा सामान सुलग रहा था।

आग की उठती लपटों के बीच लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आनन-फानन जल रहे सामान को बाहर फेंका।

इस बीच तल्लीताल एसओ मनोज नयाल पुलिसकर्मियों के साथ व एफएसओ देवेंद्र सिंह नेगी दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंच आग पर काबू पाने में जुट गए।

व्यापारियों के सहयोग से अग्निशमन यंत्र से गैस का छिड़काव कर समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।

एफएसओ ने बताया कि प्रथम दृष्टिया शार्ट सर्किट से आग लगना प्रतीत हो रहा है। दुकान स्वामी से नुकसान के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पूछताछ व जांच के बाद नुकसान का आंकलन किया जाएगा।

अगल-बगल पुराने लकड़ी के भवन है स्थित, तत्परता से टला बड़ा हादसा

तल्लीताल बाजार के जिस क्षेत्र में आग लगी उसके अगल बगल पुराने लकड़ी के भवन एक दूसरे से चिपके हुए है। जिसमें नीचे दुकाने व ऊपरी तल पर लोगों के आवास भी है।

आग फैलती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। लेकिन व्यापारियों, पुलिस व दकमल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा होने से टल गया।