अंतरराष्ट्रीय अबेकस एवं मेंटल अर्थमेटिक प्रतियोगिता में रुद्राक्ष ने फिर कंबोडिया में लहराया परचम nainital news
24वीं अंतरराष्ट्रीय अबेकस एवं मेंटल अर्थमेटिक प्रतियोगिता में नगर के रुद्राक्ष ने फिर से चैंपियन बनकर देश का नाम रोशन किया।
द्वाराहाट (अल्मोड़ा), जेएनएन : 24वीं अंतरराष्ट्रीय अबेकस एवं मेंटल अर्थमेटिक प्रतियोगिता में नगर के रुद्राक्ष ने फिर से चैंपियन बनकर देश का नाम रोशन किया। कंबोडिया की राजधानी नामपेन्ह में सात व आठ दिसंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में 80 देशों के चार हजार से अधिक विद्यार्थियों ने अपना गणितीय कौशल दिखाया था। आंगनबाड़ी से अपनी शिक्षा की शुरुआत करने वाला यह नन्हा मास्टर पिछले वर्ष मलेशिया में भी अव्वल रहा था। दो बार चैंपियन बनने वाला उत्तराखंड का यह इकलौता छात्र बन गया है। गृह क्षेत्र पहुंचने पर रुद्राक्ष का जोरदार स्वागत किया गया।
यूसी इंटरनेशनल कारपोरेशन कॉंन्सेप्ट मेंटल अर्थमेटिक सिस्टम (यूसीएमएएस) हर वर्ष 15 वर्ष से कम आयु वर्ग के विद्यार्थियों की विश्व स्तरीय गणितीय प्रतियोगिता आयोजित करवाता है। इसमें गणित के 200 प्रश्नों को आठ मिनट में हल करना होता है। रुद्राक्ष ने सभी प्रश्न सात मिनट 21 सेकेंड में हल कर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ डाला। गत वर्ष मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित इसी प्रतियोगिता में सात मिनट 28 सेकेंड में दो सौ प्रश्न हल किए थे। इससे पूर्व 14 अप्रैल को रुद्रपुर में राज्य तथा 22-23 जुलाई को कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी परचम लहराया था। विश्व चैंपियन बनने पर कंबोडिया के शिक्षा, युवा और खेलमंत्री हैंग चुओंन नरोन तथा यूसी इंटरनेशनल कारपोरेशन के संस्थापक व प्रेसिडेंट प्रो डिनो वोंग ने रुद्राक्ष को चैंपियन ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र व अन्य पुरस्कार प्रदान किए।
विद्यालय में हुआ स्वागत
रुद्राक्ष की माता चंचल व पिता पंकज तिवारी बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआइटी) में कार्यरत हैं। आंगनबाड़ी दढोली से शिक्षा की शुरुआत करने वाला रुद्राक्ष वर्तमान में कुमाऊं पब्लिक स्कूल में छठी का छात्र है। विद्यालय पहुंचने पर निदेशक पीएस राना, चेयरमैन रेखा चौहान व प्रधानाचार्य उमा अधिकारी ने इस होनहार को सम्मानित किया। इससे पूर्व बीटीकेआइटी के स्टाफ ने भी रुद्राक्ष को सम्मानित किया।
यह भी पढ़ें : पहली बार कुमाऊं के इन तीन जिलों में होंगे आरटीइ के तहत ऑनलाइन प्रवेश