ब्रेक फेल हुआ तो रोडवेज बस चालक ने अपनी सूझबूझ से बचाई 42 यात्रियों की जान
देहरादून से 42 यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ को आ रही रोडवेज बस के ब्रेक फेल हो गए। हाफ स्टेयरिंग लॉक हो गया। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पहाड़ी से टकरा दिया।
पिथौरागढ़, जेएनएन : देहरादून से 42 यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ को आ रही रोडवेज बस का ब्रेक फेल हो गया। हाफ स्टेयरिंग लॉक हो गया। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पहाड़ी से टकरा दिया, जिससे बस गहरी खाई में जाने से बच गई। पहाड़ी से टकराने के प्रयास में चालक सहित चार यात्री घायल हो गए।
रोडवेज की बस बीती शाम देहरादून से चली। दोपहर एक बजे जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर घाट के निकट छिड़ा के पास चढ़ाई के दौरान बस का ब्रेक फेल हो गया। बस पीछे की ओर आने लगी। चालक दिनेश जुकरिया ने बस को मोडऩे के लिए स्टेयरिंग काटा तो वह हाफ लॉक हो गया। चालक ने धैर्य नहीं खोया और सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पास की पहाड़ी से टकरा दिया। जिससे बस रुक गई। पहाड़ी से टकराने के प्रयास में चालक दिनेश जुकरिया, यात्री सविता थापा, रेखा धामी, उदय सिंह धामी घायल हो गए। सभी घायल पिथौरागढ़ के निवासी है। घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उदय सिंह धामी, सविता थापा और रेखा धामी को आपदा वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है, चालक की जांच की जा रही है। चिकित्सकों ने घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही रोडवेज के नवीन कोठारी, कोमल बिष्ट, अनिल त्रिपाठी और धीरज बिष्ट अस्पताल पहुंचे। घायलों का हाल चाल जानने के साथ घायलों को उपचार के लिए आर्थिक सहायता दी।
दूसरे वाहन से वापस लौट रहे दो यात्रियों की हालत बिगड़ी
घाट के समीप ब्रेक फेल हुई बस के दो यात्रियों की हालत वापसी के दौरान बिगड़ गई। सूचना मिलने पर दोनों को 108 से जिला चिकित्सालय लाया गया। ब्रेक फेल हुई बस में सवार यात्री अन्य वाहनों से जिला मुख्यालय को लौट रहे थे। इन्हीं में शामिल मूसा अली और ललित कुमार की तबीयत अचानक गड़बड़ा गई। दोनों ने इसकी सूचना वाहन चालक को दी। वाहन चालक ने जानकारी 108 को दी। 108 एम्बुलेंस ने जिला मुख्यालय से आठ किलोमीटर फगाली पहुंचकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों को भर्ती कर लिया गया है। एक यात्री ने पेट में दर्द ओर उल्टी की शिकायत की तो दूसरे ने पांव में तकलीफ बताई है। चिकित्सकों ने दोनों की हालत सामान्य बताई है।
यह भी पढ़ें : कुमाऊं भर में एंटी रैबीज खत्म, सरकारी आपूर्ति ठप, मेडिकल स्टोरों में भी नहीं मिल रही दवा
यह भी पढ़ें : मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, पहाड़ों में तेज बारिश और ओलावृष्टि के आसार
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप