नंदा देवी चोटी से लापता पर्वतारोहियों के शव खोजने निकली टीम दुर्घटना स्थल पहुंची NAINITAL NEWS
नंदा देवी चोटी से लापता पर्वतारोहियों के शव खोजने निकली भारतीय पर्वतारोहण संस्थान नई दिल्ली की टीम मंगलवार को एक्सीटेंड साइट पर पहुंच गई है।
बागेश्वर/पिथौरागढ़, जेएनएन : नंदा देवी चोटी से लापता पर्वतारोहियों के शव खोजने निकली भारतीय पर्वतारोहण संस्थान नई दिल्ली की टीम मंगलवार को एक्सीटेंड साइट पर पहुंच गई है। 14 सदस्यीय टीम के चार सदस्य ही यहां पहुंच पाए हैं। अब यह दल आइटीपीबी से समन्वय स्थापित कर आगे की रणनीति तय करेगा। वहीं आइटीबीपी बरामद सात शवों को बेस कैंप लाने की कवायद कर रही है।
पिंडारी ग्लेशियर की तरफ से नंदादेवी ईस्ट से लापता पर्वतारोहियों को खोजने गई टीम लगातार बर्फीले तूफान और मौसम की मार झेलते हुए आगे बढ़ी। मंगलवार को मौसम साफ रहने पर टीम के चार सदस्य एक्सीटेंड साइट पहुंचे और वहां पहले से मौजूद आइटीबीपी दल से समन्वय स्थापित कर आगे की योजना बना रही है। फिलहाल टीम वापस कैंप वन आ गई है। आज मौसम ठीक रहा तो टीम के छह सदस्य फिर एक्सीटेंड साइट की तरफ प्रस्थान करेंगे। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि भारतीय पर्वतारोहण संस्थान दिल्ली से मिली जानकारी के अनुसार टीम के सभी सदस्य स्वस्थ हैं।
वहीं आइटीबीपी बरामद हो चुके सात शवों को बेस कैंप पहुंचाने के बाद हेलीकॉप्टर से जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ लाने की कवायद कर रही है। पिथौरागढ़ जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार एडवांस कैंप से शवों को बेस कैंप लाए जाने का कार्य जारी है। सभी शवों के बेस कैंप पहुंचते ही वायु सेना के हेलीकॉप्टर से पिथौरागढृ लाया जाएगा। जहां शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम करा कर संबंधित दूतावासों को सूचना दी जाएगी। कितने शव बेस कैंप पहुंचाए गए हैं, अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप