आइआइटी करने की तमन्ना थी पर केमिकल लोचा ने बना दिया आरजी को रैपर
उत्तराखंड के काशीपुर निवासी युवा रैपर आरजी की आवाज का जादू बिग एफएम पर सिर चढ़कर बोल रहा है। इसी माह उसकामुंबई-मुंबई-मुंबई में दुनिया मेरी घूम गई...गाना रिलीज होने जा रहा है !
नैनीताल (जेएनएन): आइआइटी करना हर पढ़ने लिखने वाले नौजवान का सपना होता है। बच्चों के ऐसे ही सपनों में शरीक होती है परिजनों की खुशी। उसका सपना भी हर मेधावी बच्चे की तरह आइआइटी करना था और इसी ख्वाब को पूरा करने के लिए वो काशीपुर जैसे छोटे से शहर से निकलकर राजस्थान के शहर कोटा जा पहुंचा। फिजिक्स को लेकर वो कांफिडेंट था लेकिन केमिस्ट्री का केमिकल लोचा उसके पल्ले नहीं पड़ रहा। इसी बीच डांस और म्यूजिक से उसका जुड़ाव बढ़ता गया। उसने अपने कॅरियर की दिशा बदलने की बात परिजनों से बताई तो उनका रिएक्शन सामान्य परिवारों से बिल्कुल उलट था। वे उसके सपनों के भागीदार बने और डांसिग व म्यूजिक में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। फिर क्या था पहले उसने दिल्ली का रुख और अब मुंबई का दिल जीत रहा है।
यह कहानी है उत्तराखंड के काशीपुर निवासी युवा रैपर आरजी की। आरजी की आवाज का जादू बिग एफएम पर संगीत प्रेमियों के सिर चढ़कर बोल रहा है। इसी माह उसका'मुंबई-मुंबई-मुंबई में दुनिया मेरी घूम गई...'गाना रिलीज होने जा रहा है तो जानीमानी अभिनेत्री एवं सिंगर दीपानिता शर्मा के साथ वह टीवी पर भी नजर आएंगे।
बचपन से थी रैपर बनने की तमन्ना
काशीपुर निवासी रमन शर्मा (आरजी) शुरू से होनहार था । उसने आरजी के नाम से बहुत जल्द ही अपनी पहचान एक स्थापित रैपर के तौर पर बनाई है। दैनिक जागरण से बातचीत में आरजी ने बताया कि स्कूल के समय से ही उनमें एक सफल कोरियोग्राफर व रैपर बनने की प्रबल इच्छा थी। दिल्ली की डांस अकादमी से डांस सीखा। बाद में मुंबई जाकर कोरियोग्राफर शामक डावर से डांस के गुर सीखे। बचपन से ही संगीत में दिलचस्पी के चलते वह अपने गाने खुद लिखने और गाने लगे। आज उनकी पहचान एक रैपर के तौर पर बन चुकी है।
गानों का म्यूजिक खुद करता है कम्पोज
आरजी गाना लिखने के साथ ही म्यूजिक कंपोजिंग भी खुद ही करता है। चंडीगढ़ के बिग एफएम पर इन दिनों आरजी की आवाज धूम मचा रही है। आरजी बोले, अक्टूबर अंत तक मुंबई की ट्राएंगल्स कंपनी उनका गाना रिलीज करेगी। जिसमें उनके साथ उनकी गुरु संगीतज्ञ अदरिजा गुप्ता भी परफॉर्म करेंगी।
जल्द सेलीबगेशन ट्रैक रिलीज होगा
आरजी ने बताया मुंबई-मुंबई...गाना उन्होंने खुद लिखा और गाया है। विश्व के सबसे व्यस्तम एयरपोर्ट के रूप में पहचान बना चुका मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल पर जल्द उनका सेलिब्रेशन ट्रैक रिलीज होगा। इस ट्रैक में उन्होंने अपनी आवाज दी है। यह एक वर्ष के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर चलाया जाएगा। आरजी के पिता राजेश शर्मा वरिष्ठ पत्रकार हैं और मां प्रतिभा शर्मा हल्द्वानी के प्रतिष्ठित इंटर कालेज की शिक्षिका हैं।