बारिश ने रोकी ढेला, झिरना व गिरिजा पर्यटन जोन में पर्यटकों की राह, बंद रहे तीनों जोन
रामनगर में दो दिनों की लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ और कोसी नदी का जलस्तर बढ़ गया। सुरक्षा ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रामनगर। दो दिन से हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। बारिश होने से कोसी नदी का जलस्तर बढ़ गया। बारिश की वजह से रविवार को सुबह व शाम की पाली में पर्यटन जोन के गेट बंद रहे। ऐसे में पर्यटकों की एंट्री जंगल सफारी के लिए नहीं हो पाई।
मानसून की वजह से कार्बेट पार्क के ढिकाला, बिजरानी व दुर्गादेवी पर्यटन जोन में जंगल सफारी बंद है। लेकिन झिरना, ढेला व गिरिजा पर्यटन जोन ही इन दिनों पर्यटकों के लिए खुला हुआ है। शनिवार को बारिश होने की वजह से शाम को जंगल सफारी बंद रही।
इसके अलावा रात से लगातार हो रही बारिश को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा के लिए रविवार को भी सुबह व शाम की पाली में पर्यटकाें के लिए तीनों जोन बंद रखे गए। बारिश लगातार होने से जंगल में सफारी मार्ग के अंतर्गत आने वाले नदी नालों में पानी का बहाव तेज हो गया था।
मौसम खराब होने की वजह से सफारी निरस्त होने पर बुकिंग का पैसा पर्यटकों को वापस नहीं मिलता है। अधिकतम छह लोगों के लिए एक बार की जंगल सफारी 74 सौ रुपये की होती है। जिसमें एक से छह लोगों का परमिट शुल्क 34 सौ रुपये होता है। उसके अलावा एक हजार रुपया गाइड शुल्क व करीब तीन हजार रुपये की जिप्सी अलग से करनी होती है।
