जहरखुरानी की घटनाएं रोकने के लिए रेलवे महकमा अलर्ट, ये हो रहा प्रयास
पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल अपने यात्रियों व रेल सम्पति की सुरक्षा के लिए और अधिक अलर्ट हो गया है। यात्रियों को जागरूक कर जहरखुरानी व अन्य घटनाओं को रोकने का प्रयास हर स्तर शुरू कर दिया गया है।
हल्द्वानी, जागरण संवाादाता : पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल अपने यात्रियों व रेल सम्पति की सुरक्षा के लिए और अधिक अलर्ट हो गया है। यात्रियों को जागरूक कर जहरखुरानी व अन्य घटनाओं को रोकने का प्रयास शुरू कर दिया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत के निर्देश पर मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषी पाण्डेय के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल नशाखोरी के मामलों के समूल उन्मूलन के लिए विशेष जागरूकता अभियान सम्पूर्ण इज्जतनगर मंडल में चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत रेल उपयोगकर्ताओं के बीच रेलवे सुरक्षा बल की हैल्प लाइन संख्या 182 का व्यापक प्रचार किया जा रहा है। साथ ही महिला यात्रियों से ट्रेनों अथवा रेल परिसर में छेड़खानी की घटनाओं की शिकायत तत्काल रेलवे सुरक्षा बल की हैल्प लाइन 182 पर करने की अपील की जा रही है।
रेल सुरक्षा बल प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है। यदि किसी भी रेल यात्री को कोई खोया हुआ बच्चा मिलता है तब भी यह हेल्प लाइन शत-प्रतिशत कारगर है। रेलवे सुरक्षा बल ने अतीत में अनेक गुमशुदा बच्चों को उनके अभिभावकों से मिलवाया है। यही नहीं चोरी-चकारी, डकैती आदि की शिकायतें भी रेल सुरक्षा बल की हैल्प लाइन पर दर्ज कराई जा सकती हैं।
विगत दिवस काशीपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बल द्वारा गाड़ी संख्या 05314 के यात्रियों को जहर खुरानी बावत सचेत किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने सभी रेल यात्रियों एवं रेल उपयोगकत्र्ताओं से अपील की है कि वे रेल सुरक्षा बल हेल्पलाइन संख्या 182 का बेहिचक उपयोग कर अपनी यात्रा सुरक्षित एवं आराम दायक बनायें।