रेलवे प्रशासन ने हल्द्वानी और रुद्रपुर स्टेशन पर फहराया 100 फीट ऊंचा तिरंगा
Haldwani Railway station आजादी के अमृत महोत्सव पर रेलवे प्रशासन ने हल्द्वानी स्टेशन में 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया। अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) विवेक गुप्ता ने वीरांगना भावना गोस्वामी दीपा नयाल व उषा देवी की मौजूदगी में झंडा फहराया।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : Har Ghar Tiranga : आजादी के अमृत महोत्सव पर रेलवे प्रशासन ने हल्द्वानी स्टेशन में 100 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया। अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) विवेक गुप्ता ने वीरांगना भावना गोस्वामी, दीपा नयाल व उषा देवी की मौजूदगी में झंडा फहराया।
बुधवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) विवेक गुप्ता हल्द्वानी रेलवे स्टेशन में पहुंचे। इस दौरान वीरांगनाओं को शाल उढ़ाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। 13 से 15 अगस्त तक घर-घर तिरंगा लगाना है।
इसी क्रम में रेलवे स्टेशन पर सबसे ऊंचा 100 फीट का तिरंगा लगाया गया है। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रोहित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (प्रथम) विकास सिंह समेत रेल अधिकारी, पर्यवेक्षक, रेल कर्मचारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
चौकी इंचार्ज हर घर तिरंगा लगाने को करेंगे जागरूक
एसएसपी पंकज भट्ट ने सभी पुलिस चौकी इंचार्जो से कहा है कि आजादी का अमृत महोत्सव शान से मनाया जाना है। इसके लिए लोगों को घरों में झंडे लगाने है। उन्होंने चौकी इंचार्जों से अपने क्षेत्र में घर-घर तिरंगा लगाने को जागरूक करने को कहा है।
इसके अलावा दमकल विभाग, प्रतिसार निरीक्षक, लाइन पुलिस, अभिसूचना निरीक्षक, यातायात निरीक्षक, सीपीयू निरीक्षक, रेडियो निरीक्षक भी अपने घरों में तिरंगा लगाकर लोगों को झंडे लगाने के लिए जागरूक व प्रोत्साहित करने को कहा है।
रेलवे स्टेशन पर 100 फिट ऊंचा तिरंगा फहराया
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशन में बुधवार को 100 फिट ऊंचा तिरंगा फहराया गया। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी, रुद्रपुर व कासगंज रेलवे स्टेशनों में भी तिरंगा लगाया गया है।
रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में युद्ध विधवा लक्ष्मी माताश्री, शहीद राइफलमैन देव बहादुर की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक नीरज कुमार ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत तिरंगा लगाए जाने से सभी गर्वान्वित महसूस कर रहे हैं। 100 फिट ऊंचे तिरंगे को देखने केलिए आस-पास के बड़ी संख्या में लोग व रेलवे स्टेशन के कर्मचारी मौजूद थे।