Koshi River Rafting : कोसी नदी में पर्यटकों के लिए राफ्टिंग का कार्यक्रम जारी, जान लीजिए फीस और इन नंबरों पर करें संपर्क
Koshi River Rafting कुमाऊं मंडल विकास निगम ने कोसी में रॉफ्टिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद से निगम को कोसी नदी में मानसून अवधि में 12 से 31 अगस्त तक रॉफ्टिंग की गतिविधियों के संचालन की अनुमति प्राप्त कर ली है।
जागरण संवाददाता, नैनीताल : Koshi River Rafting : कुमाऊं मंडल विकास निगम ने कोसी में रॉफ्टिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद से निगम को कोसी नदी में मानसून अवधि में 12 से 31 अगस्त तक रॉफ्टिंग की गतिविधियों के संचालन की अनुमति प्राप्त कर ली है। निगम ने कुमाऊं क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को साहसिक पर्यटन की गतिविधियों में सम्मिलित किए जाने के लिए मानसून सीजन में कोसी नदी में रॉफ्टिंग को संचालन का अनुमति प्राप्त की है। जागरण ने कोसी में रॉफ्टिंग जल्द शुरू होगी से संबंधित समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
केएमवीएन के जीएम एबी वाजपेयी ने बताया कि 1998 से निगम द्वारा काली व सरयू नदी में रॉफ्टिंग का व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया था। निगम द्वारा रामनगर कोसी नदी में कुमरिया से रामनगर करीब 21 किमी रॉफ्टिंग का कार्य संचालित किया जा रहा है। जिस के लिए निगम के पास उपकरण, कुशल कार्मिक उपलब्ध हैं। निगम द्वारा इन गतिविधियों को कुमरिया से मोहान चार किमी, मोहान से ढिकुली-गर्जिया सात किमी, ढिकुली से रामनगर दस किमी तक की दूरी हेतु रॉफ्टिंग को जिम कॉर्बेट रामनगर-मरचूला-मोहान, नैनीताल आने वाले पर्यटकों हेतु सेवा प्रदान कर रहा है। इसके लिए न्यूनतम शुल्क आठ सौ व अधिकतम तीन हजार रुपये किराया निर्धारित किया गया है। किराया शॉर्ट ट्रिप, हाफ डे ट्रिप, फुल डे पैकेज ट्रिप की दरें निर्धारित की गई हैं। इन गतिविधियों का संचालन टीआरसी रामनगर के वरिष्ठ प्रबंधक के नियंत्रण में शुरू किया जा रहा है। जिनका संपर्क नंबर निम्नवत् है।
इन नंबरों पर करें संपर्क
- टीआरसी रामनगर के वरिष्ठ प्रबंधक बीएस मेहरा- 8650002527
- केएमवीएन कैंप ढिकुली रामनगर के प्रबंधक प्रेम सिंह- 8650002595
- टीआरसी मोहान के प्रबंधक मोहम्मद इनायत-9758330867
- ढिकुली कैंप के रीवर गाइड राजेन्द्र सिंह- 9411579514 व 9690755949
21 किमी तक का होगा सफर
कोसी में होने वाली राफ्टिंग को मानसून रॉफ्टिंग नाम दिया गया है। कुमरिया से गर्जिया तक व गर्जिया से रामनगर तक रॉफ्टिंग कराई जाएगी। फिर इसे मरचूला-मोहन तक बढ़ाया जाएगा। रॉफ्टिंग के लिए विशेषज्ञों की टीम ने रेकी पूरी कर ली है। बता दें कि कुमाऊं मंडल में साहसिक पर्यटन के खेलों की कमी है। इस शुरुआत से इस ओर बढ़ावा मिलेगा। लॉकडाउन के बाद से ही कुमाऊं मंडल विकास निगम की साहसिक पर्यटन गतिविधियां ठप हैं। पिथौरागढ़ व चम्पावत की नदियों में इवेंट की तरह होने वाली रॉफ्टिंग भी नहीं हो सकी। अब निगम प्रबंधन ने रामनगर की कोसी नदी में स्थायी रूप से रॉफ्टिंग शुरू करने का निर्णय लिया है। करीब 21 किमी के इस रोमांचक सफर के लिए निगम के पास छह से आठ लोगों की क्षमता वाली दो रॉफ्ट उपलब्ध हैं।