रुद्रपुर में कबाड़ के गोदाम में एक दर्जन अंडों के साथ नजर आया 12 फीट का अजगर
रुद्रपुर में तीनपानी स्थित कबाड़ के गोदाम में एक दर्जन अंडों के साथ अजगर दिखने से हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया।
रुद्रपुर, जेएनएन : रुद्रपुर में तीनपानी स्थित कबाड़ के गोदाम में एक दर्जन अंडों के साथ अजगर दिखने से हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। बाद में सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने जानकारी ली, साथ ही गोदाम स्वामी को अजगर के साथ कुछ दिनों तक छेड़छाड़ न करने की हिदायत दी।
तीनपानी निवासी अरशद खान उर्फ भूरा की किच्छा रोड स्थित तीनपानी में कबाड़ का गोदाम है। अरशद ने बताया कि सोमवार सुबह वह माल बेचने के लिए गोदाम से हटा रहा था। इसी बीच उसे कुछ आहट सुनाई दी। इसके बाद उसने आसपास देखा तो 12 फीट का एक अजगर दिखाई दिया।
अजगर करीब एक दर्जन अंडों के ऊपर लिपटा हुआ था। यह देख आसपास के लोगों के साथ ही यातायात निरीक्षक मनीष शर्मा, सीपीयू उप निरीक्षक श्याम पाल रावत पुलिस कर्मियों के साथ पहुंच गए। अजगर को अंडों के साथ देख उन्होंने सूचना वन विभाग को दी।
मौके पर पहुंचे वन कर्मियों ने जानकारी ली और कबाड़ गोदाम स्वामी को कुछ दिनों के लिए अजगर को न छेड़ने को कहा। डिप्टी रेंजर प्रमोद त्रिपाठी ने बताया कि अजगर अपने अंडों के साथ है। इसलिए कुछ दिन उस पर नजर रखी जाएगी। इसके बाद उसे टांडा जंगल में छोड़ा जाएगा।
बता दें कि अजगर जहरीले नहीं होते हैं, लेकिन वे अपने शिकार को आसानी से छोड़ते भी नहीं. अगर अजगर की गिरफ्त में कोई आ जाता है, तो वो तब तक उसका गला दबाए रखते हैं, जब तक कि उसकी मौत न हो जाए।
- फेसबुक लाइव कर लगाई जान की गुहार, मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर हमला, सिपाही घायल
- भारत-चीन सीमा पर चौकसी के कारण नेपाल में कोरोना संक्रमण नियंत्रित