तेजी से फैल रहे संक्रमण से बच्चों को बचाएं, जितना संभव हो सके बाहर न ले जाएं
कोरोना काल में भी कई लोग बच्चों को घुमाने बाहर ले जाने लगे हैं। यह ठीक नहीं है। संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसे नियंत्रित करने की जिम्मेदारी हर किसी की है।
हल्द्वानी, जेएनएन : कोरोना काल में भी कई लोग बच्चों को घुमाने बाहर ले जाने लगे हैं। यह ठीक नहीं है। संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसे नियंत्रित करने की जिम्मेदारी हर किसी की है। एसटीएच के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार सिंह कहते हैं, जितना संभव हो बच्चों को बाहर ले जाने से बचें। डॉ. सिंह बाल रोग विभाग में कोविड-19 के नोडल प्रभारी भी हैं। उनका कहना है कि जिस तरह बड़ों को कोरोना से बचाव करना है, उसी तरह बच्चों को भी बचाना है। बच्चों के लिए अलग से कोई नियम नहीं है। बच्चों के लिए भी मास्क व सैनिटाइजेशन का खास ध्यान रखें।
कोरोना के बीच खुद को रखते हैं फिट
डॉ. सिंह कोरोना के बीच ड्यूटी करते हुए खुद को भी फिट रखते हैं। कहते हैं, मरीजों के बीच रहने पर पीपीई किट पहनते हैं। किसी भी चीज को छूने पर हाथ को सैनिटाइज करते हैं।
काम का दबाव महसूस नहीं करते
महामारी के इस दौर में मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है। इसके लिए डॉ. सिंह कहते हैं, काम के समय भी मानसिक रूप से सजग रहना चाहिए। बचाव के सभी तरीके अपनाते हुए बिना डर के काम करना चाहिए। अगर आप डरेंगे नहीं तो मानसिक रूप से दबाव भी कम होगा। मन स्वस्थ रहेगा तो काम भी बेहतर होगा।
इम्युनिटी एक दिन में नहीं बढ़ती
कोरोना के इस दौर में लोग इम्युनिटी बढ़ाने की हर संभव कोशिश में जुटे हैं। इसे लेकर डॉ. सिंह का तर्क है, इम्युनिटी आपके अंदर पहले से होती है। इसे एक-दो दिन में किसी बूस्टर से नहीं बढ़ाया जा सकता है। शरीर में प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने की लंबी प्रक्रिया होती है।