खालसा इंटर कॉलेज में शिक्षकों की नियुक्ति पर जिलाधिकारी ने लगाई रोक
सिख समाज के कुछ लोगों ने भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा था कि नियुक्ति में हाई कोर्ट के निर्देशों की अवहेलना की जा रही है। डीएम ने गलाई रोक।
हल्द्वानी, जेएनएन : खालसा नेशनल गल्र्स इंटर कॉलेज में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पर डीएम वीके सुमन ने रोक लगा दी है। सिख समाज के कुछ लोगों ने भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा था कि नियुक्ति में हाई कोर्ट के निर्देशों की अवहेलना की जा रही है।
खालसा कॉलेज ने प्राइमरी के दो व एलटी के चार शिक्षकों की भर्ती के लिए विज्ञप्ति निकाली थी। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन कथित सेंटिंग से साक्षात्कार के आधार पर छह फरवरी को भर्ती कराने जा रहा था। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा अध्यक्ष रंजीत सिंह आनंद के नेतृत्व में सिख समाज के शिष्टमंडल ने डीएम से मुलाकात कर कहा कि सिखों की अल्पसंख्यक संस्था के प्रबंध कार्यकारिणी के चुनाव पांच वर्ष से नहीं हो पाए हैं। इस कारण प्रबंधन संचालन के लिए सिटी मजिस्ट्रेट रिसीवर बनाए गए हैं। प्रबंधन समिति ने साक्षात्कार के आधार पर नियुक्ति की बात कही है। शिष्टमंडल ने कहा कि हाई कोर्ट के निर्देश के मुताबिक केवल साक्षात्कार के आधार पर नियुक्ति नहीं हो सकती। डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय को भर्ती रोकने के निर्देश दिए हैं। जिस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रक्रिया स्थगित कर दी है। इधर, नियुक्ति के लिए बड़े स्तर पर लेन-देन की भी चर्चा होने लगी थी। मिलने वालों में नरेंद्र जीत सिंह कोहली, जगजीत सिंह, गुरमीत सिंह आदि शामिल रहे।
प्रधानाचार्य ने नियुक्तियों पर लगाई रोक
मुन्नी त्रिपाठी, प्रधानाचार्य खालसा नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज ने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों के छह पदों के लिए नियुक्ति होनी थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर नियुक्ति प्रक्रिया रोक दी गई है।
यह भी पढ़ें : डायट प्राचार्य डॉ मुकुल सती की डिग्री मामले से कुमाऊं विवि ने पल्ला झाड़ा
यह भी पढ़ें : वन निगम के ठेकेदारों ने ऑफिस में घुसकर डिप्टी रेंजर समेत चार को पीटा