देह व्यापार में लिप्त पत्नी के बाद अब पुलिसकर्मी को भी किया गया गिरफ्तार nainital news
ट्रांजिट कैंप में देह व्यापार के धंधे में बागेश्वर में तैनात पुलिस कर्मी की पत्नी समेत तीन लोगों की गिरफ्तारी के कई माह बाद पुलिस ने पुलिस कर्मी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
रुद्रपुर, जेएनएन : रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप में देह व्यापार के धंधे में बागेश्वर में तैनात पुलिसकर्मी की पत्नी समेत तीन लोगों की गिरफ्तारी के कई माह बाद पुलिस ने पुलिसकर्मी को भी गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इसकी रिपोर्ट तैयार कर एसएसपी बागेश्वर को भेज दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक विवेचना के दौरान पीड़ित किशोरियों के बयान के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिसकर्मी के घर में ही चल रहा था देह व्यापार का कारोबार
एसओ ट्रांजिट कैंप विद्यादत्त जोशी ने बताया कि पांच माह पहले ट्रांजिट कैंप निवासी एक महिला ने सौंपी तहरीर में कहा था कि उसकी नाबालिग पुत्री गायब हो गई है। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली कि गणेश गार्डन, ट्रांजिट कैंप में एक घर में कुछ किशोरियां हैं। इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घर में छापा मार कार्रवाई की। जहां पता चला कि मकान बागेश्वर में तैनात पुलिस कर्मी राजेश कुमार का है। इस पर पुलिस ने लापता किशोरी के साथ ही एक अन्य युवती को बरामद कर लिया। साथ ही बागेश्वर में तैनात पुलिस कर्मी राजेश की पत्नी पिंकी को गिरफ्तार कर लिया था।
पिंकी दीपा और बंटी के साथ चला रही थी अवैध धंधा
युवती और किशोरी से हुई पूछताछ में पुष्टि हुई कि पुलिसर्मी की पत्नी पिंकी अपने साथी दीपा और बंटी के साथ मिलकर उनसे देह व्यापार का धंधा कराते थे। इस पर पुलिस ने पुलिस कर्मी राजेश की पत्नी पिंकी को जेल भेज दिया था। एसओ ट्रांजिट कैंप विद्यादत्त जोशी ने बताया कि बाद में दीपा और बंटी को भी गिरफ्तार कर लिया था। विवेचना के दौरान पीड़ितों ने पुलिस कर्मी राजेश कुमार की संलिप्तता भी बताई। इसके आधार पर सोमवार को ट्रांजिट कैंप पुलिस ने राजेश कुमार को गणेश होम्स के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।