फैसला आने पर लोगों की प्रतिक्रिया को लेकर दिनभर अलर्ट रही पुलिस nainital news
अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने पर लोगों की प्रतिक्रिया को लेकर दिनभर पुलिस अलर्ट रही। हालांकि जनता ने सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखा।
हल्द्वानी, जेएनएन : अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने पर लोगों की प्रतिक्रिया को लेकर दिनभर पुलिस अलर्ट रही। हालांकि जनता ने सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखा व सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को स्वीकारा। एसएसपी सुनील कुमार मीणा और एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव छुट्टी के बावजूद दफ्तरों में बैठकर शहर की गतिविधियों की जानकारी लेते रहे।
अमन-चैन बनाए रखने के लिए डीआइजी जगत राम जोशी ने बीते शुक्रवार शाम सभी समुदाय के लोगों की बैठक ली थी। इसमें लोगों ने भी शहर की एकता व अखंडता बनाए रखने का दावा किया था। शनिवार सुबह से पुलिस व खुफिया एजेंसियां सतर्क रही। हर गतिविधि से खुफिया एजेंसियां उच्चाधिकारियों को अवगत करातीं रही। शांति व्यवस्था के लिए शहर भर में पुलिस ड्यूटी लगाई गई थी। करीब साढ़े दस बजे से सुप्रीम कोर्ट के आदेश के साथ ही पुलिस अपने ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात हो गई। दिनभर पुलिस को कहीं से भी किसी तरह की शांति व्यवस्था बिगडऩे की सूचना नहीं आई।
कुछ स्थानों पर मामूली आतिशबाजी
सुप्रीम कोर्ट का आदेश आने पर कुछ स्थानों पर मामूली आतिशबाजी हुई। इसका पता लगते ही पुलिस क्षेत्र में गश्त कर लोगों से शांति व्यवस्था व सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करने पहुंची। शांति व्यवस्था बिगाडऩे वालों पर कानूनी कार्रवाई के लिए सभी थानों में क्विक रिस्पांस टीम भी तैनात रही। इसके अलावा डयूटी स्थलों में पुलिस के साथ ही पीएसी व आइआरबी के जवान भी तैनात किए गए थे।
सिटी मजिस्ट्रेट का कोतवाली में डेरा
सुप्रीम कोर्ट का फैसला आते ही सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह कोतवाली पहुंच गए। वह यहां काफी देर तक बैठकर शहर भर की गतिविधियों पर नजर रखे रहे। सभी स्थानों से शांति व्यवस्था की सूचना आने पर करीब तीन घंटे बाद सिटी मजिस्ट्रेट कोतवाली से रवाना हुए।
यहां तैनात रहा पुलिस बल
गांधीनगर तिराहा- दुर्गा मंदिर, आजादनगर - गोपाल मंदिर, आजादनगर - हिमालय स्कूल, गौजाजाली - उजालेश्वर महादेव मंदिर - जवाहर नगर - ताज चौराहा - मुखानी चौराहा - जेल रोड तिराहा - कालाढूंगी चौराहा - अंबेडकर नगर - घास मंडी, मंगलपड़ाव - ईदगाह - जामा मस्जिद - कुल्यालपुरा - राजपुरा धोबी घाट - तिकोनिया - रोडवेज - पंचायत घर तिराहा, रामपुर रोड - देवलचौड़ चौराहा - बेलबाबा - तीनतास - मंडी गेट - तीनपानी - गोरापड़ाव - गांधी स्कूल तिराहा - आइटीआइ तिराहा - हिमालया फार्म - नरीमन तिराहा - खेड़ा तिराहा - रानीबाग तिराहा - हाइडिल गेट - कॉलटेक्स - रेलवे तिराहा- गौला पुल - पनचक्की चौराहा - चौफला चौराहा - लामाचौड़ चौराहा - कुसुमखेड़ा तिराहा - गैस गोदाम तिराहा - लालडांठ तिराहा - चंबल पुल, दमुवाढूंगा - फतेहपुर - कठघरिया चौराहा।