होली पर आज एक बजे तक चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगा फोर्स
होली की मस्ती के बीच शांति व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: होली की मस्ती के बीच शांति व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली हैं। जश्न के बीच अराजकता फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। तड़के पांच बजे से दोपहर एक बजे तक शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। सभी थाना और चौकी प्रभारियों के अलावा एसपी अमित श्रीवास्तव व सीओ सिटी डीसी ढौंडियाल भी शहर में घूमकर सुरक्षा व शांति व्यवस्था का जायजा लेंगे।
सीओ सिटी ने बताया कि बुधवार दोपहर में होलिका दहन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस व अग्निशमन कर्मी तैनात किए गए थे। इसके अलावा शाम को शहर में फोर्स की तैनाती की गई। अब गुरुवार को हर चौराहों-तिराहों पर निगरानी होगी। नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कॉलोनियों में भी पुलिस की गश्त लगातार जारी रहेगी। बिना हेलमेट, तीन सवारी, ओवरलोडिंग व रेस ड्राइविंग करने वालों पर भी कार्रवाई होगी। जवानों से भी मुस्तैद रहकर ड्यूटी का निर्वहन करने के लिए कहा गया है। कोताही पर जवानों पर भी कार्रवाई की जाएगी। हल्द्वानी में दोपहर 12 से 3 बजे आएगा पानी
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: होली पर जलसंस्थान 12 बजे से तीन बजे तक पानी की सप्लाई देगा। वहीं, सुबह के समय छह से आठ बजे तक रोस्टर के हिसाब से एक घंटा पानी बांटा जाएगा। दो बजे बाद पेयजल प्रभावित इलाकों में टैंकरों से भी पेयजल वितरण होगा।
अधिशासी अभियंता विशाल कुमार ने बताया कि अवकाश के बावजूद जलसंस्थान के कर्मचारी ड्यूटी पर मुस्तैद होंगे। सुबह के समय लोगों को जरूरत पूरी करने के लिए एक घंटे सप्लाई दी जाएगी। दोपहर 12 बजे बाद नहाने-धोने व साफ-सफाई के लिए अधिक पानी की आवश्यकता होगी। इसके लिए 12 बजे से शहर व ग्रामीण इलाकों में जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। सभी टैंकर चालक भी दो बजे से पेयजल प्रभावित इलाकों में पानी बांटना शुरू कर देंगे।