26 साल बाद जिंदा हुआ हत्या का आरोपी, ऐसे हुआ खुलासा
रामनगर में पुलिस ने शराब तस्करी के दौरान एक ऐसे शख्स को पकड़ा है, जो एक हत्या में शामिल था और कागजों में वो मृत घोषित है।
रामनगर, [जेएनएन]: रामनगर पुलिस ने अवैध शराब बेचते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर एक बड़ा खुलासा किया है। दरअसल, पकड़ा गया शख्स हत्या का आरोपी है, जिसे कागजों में मृत घोषित कर दिया गया है।
दरअसल, पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शख्स को दबोचा। पूछताछ में पता चला कि वह 26 साल पूर्व हत्या में शामिल था और उसे कागजों में मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक मालधन क्षेत्र में 1990 में मोहन राम नाम के एक व्यक्ति की शराब पीने के दौरान हत्या कर दी गई थी। इसमें मालधन मोहननगर निवासी करनैल सिंह पुत्र राम सिंह मुख्य आरोपित था। जबकि हत्या में करनैल के पिता राम सिंह उसके भाई का साला पप्पी व ससुर उत्तम सिंह भी आरोपित बनाए गए थे। चारों को कोर्ट से आजीवन कारावास की सजा हुई थी।
इसके बाद करनैल ने फैसले के खिलाफ अपील की थी। लेकिन उसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। वर्ष 1992 में करनैल गिरफ्तारी के डर से घर से फरार हो गया था, जबकि अन्य तीन आरोपितों को जेल हो गई थी। बाद में उनकी भी मौत हो गई थी, लेकिन हत्या का मुख्य आरोपित करनैल सिंह पंजाब के फिरोजपुर में मजदूरी करने लगा। इस बीच उसके परिवारजनों ने करनैल को भी मृत घोषित कर सरकारी अभिलेखों में दर्ज करा दिया था। तीन साल पहले करनैल मालधन आ गया। वह कच्ची शराब का धंधा करने लगा। बुधवार को पुलिस ने उसे 85 पाउच शराब के साथ पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: कैशियर और कर्मी की बैंक में दिनदहाड़े हत्या, आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: मेढ़ तोड़ खेत में घुसा पानी तो बच्चे को मारी गोली, मौत
यह भी पढ़ें: लड़की ने रिश्ता ठुकराया तो युवक ने उसके घर भेजा जासूस