डेढ़ किलो चरस के साथ काठगोदाम में पुलिस के हत्थे चढ़ा तस्कर, मुकदमा दर्ज nainital news
जिले के दूरस्थ ओखलकांडा ब्लॉक से चरस लेकर आ रहा तस्कर काठगोदाम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। भोलानाथ गार्डन में रहने वाले तस्कर से 1.400 किलो चरस बरामद हुई है।
हल्द्वानी, जेएनएन : जिले के दूरस्थ ओखलकांडा ब्लॉक से चरस लेकर आ रहा तस्कर काठगोदाम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। भोलानाथ गार्डन में रहने वाले तस्कर से 1.400 किलो चरस बरामद हुई है। आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे आज गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। काठगोदाम थानाध्यक्ष नंदन रावत ने बताया कि ओखलकांडा के गांवों से चरस खरीदकर तस्करों के हैड़ाखान मार्ग से हल्द्वानी आने की शिकायत मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने गोपनीय तरीके से सुरागरसी के साथ चेकिंग शुरू की। बुधवार शाम पुलिस टीम को हैड़ाखान की ओर से एक संदिग्ध स्कूटी से काठगोदाम की ओर आता दिखा। शक होने पर उसे घेरकर रुकवा लिया गया। स्कूटी की तलाशी में डिग्गी में रखी 1.400 किलो चरस बरामद हुई है। आरोपित भोलानाथ गार्डन में सत्य नारायण मंदिर के पास रहने वाला राजेश भुर्जी है। पूछताछ में पता चला कि वह पर्वतीय क्षेत्र से थोक में चरस खरीदकर लाने के बाद हल्द्वानी में फुटकर नशेडिय़ों को बेचता है।
सट्टा किंग जोजो फिर गिरफ्तार
हल्द्वानी : गौजाजाली का चर्चित सटोरिया अशोक उर्फ जोजो को उसके गुर्गे के साथ पुलिस ने फिर गिरफ्तार किया है। बनभूलपुरा पुलिस ने दोनों को जुआ अधिनियम में वांछित किया है। गुंडा एक्ट में निरुद्ध करने के साथ ही उसको जिला बदर करने की तैयारी पुलिस ने शुरू कर दी है। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि जोजो पर करीब डेढ़ दर्जन जुआ अधिनियम व अन्य आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। जमानत पर रिहा होने के बाद पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। बुधवार को 1120 रुपये व सट्टे की पर्चियों के साथ उसे और शाहरुख निवासी नई बस्ती को गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें : हल्द्वानी में बहू से दुष्कर्म का आरोपित ससुर गिरफ्तार