मास्क नहीं पहना तो हल्द्वानी के पंपों पर नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल
कोरोना से बचाव को लेकर हर तरफ सतर्कता बरती जानी जरूरी है। कई लोग अपने प्रतिष्ठानों घरों में भी गाइडलाइन का पालन कर रहे हैं जबकि कुछ लोग अब भी मास्क पहनने शारीरिक दूरी बनाए रखने जैसे एहतियात को ठेंगा दिखा रहे हैं।
हल्द्वानी, जेएनएन : कोरोना से बचाव को लेकर हर तरफ सतर्कता बरती जानी जरूरी है। कई लोग अपने प्रतिष्ठानों, घरों में भी गाइडलाइन का पालन कर रहे हैं जबकि, कुछ लोग अब भी मास्क पहनने, शारीरिक दूरी बनाए रखने जैसे एहतियात को ठेंगा दिखा रहे हैं। शहर के पेट्रोल पंप संचालकों ने ऐसे लोगों को सबक सिखाने को अनोखी पहल शुरू की है। पंपों पर 'नो मास्क-नो पेट्रोल' का फार्मूला अपनाया जा रहा है। यानि की यदि आपके चेहरे पर मास्क नहीं है तो आपको डीजल-पेट्रोल कुछ नहीं मिलेगा।
24 पेट्रोल पंपों की कवायद
हल्द्वानी शहर और उसके आसपास करीब 24 पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं। इनमें से कई पंप स्वामियों ने नो मास्क-नो पेट्रोल का फ्लैक्स अपने यहां लगाया है जबकि, कई पंपों पर कर्मचारी खुद इस बात की जानकारी दे रहे हैं। पंप संचालकों की ये पहल कोरोना से बचाव के लिए कारगर साबित होगी। पर्वतीय पेट्रोलियम एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह चड्ढा ने बताया कि शहर के सभी 24 पेट्रोल पंपों में नो मास्क-नो पेट्रोल का फार्मूला लागू कर दिया गया है। इससे पंप कर्मियों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी कोरोना से बचाया जा सकेगा।
इससे पूर्व ये भी लगी है पाबंदियां
यह पहली बार नहीं है कि पंप संचालक सामाजिक भागीदारी निभा रहे हैं। बल्कि पूर्व में भी कई अनोखी पहल की जा चुकी हैं। जिनमें नो हेलमेट- नो पेट्रोल और बोतल में तेल न न देना भी शामिल है। दरअसल, देश में कई जगहों पर आगजनी के दौरान पेट्रोल से भरी बोतलों का उपयोग होने पर शहर के पंप स्वामियों ने बोतल में पेट्रोल देने पर पाबंदी लगा दी थी। वहीं सड़क सुरक्षा के तहत बिना हेलमेट पहने दोपहिया चालकों को भी तेल नहीं दिया गया। हालांकि, कुछ ही पंपों में इन दोनों का पालन हो रहा है।