बोले लोग, अल्मोड़ा विधानसभा का विधायक बेरोजगारी को दूर करने वाला हो
लोगों को ऐसा विधायक चाहिए जो क्षेत्र का विकास करने वाला हो। शिक्षा स्वास्थ्य जैसी समस्या का समाधान करे। पहाड़ से पलायन रोकने के लिए कोई माडल हो। विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं व भौगोलिक परिस्थिति का भली भांति ज्ञान हो। बेरोजगारी महंगाई पर भी लोगों की राय एक है।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : विधान सभा चुनाव को लेकर इस बार जनता की राय स्पष्ट है। लोगों को ऐसा विधायक चाहिए जो क्षेत्र का विकास करने वाला हो। शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी समस्या का समाधान करे। पहाड़ से पलायन रोकने के लिए कोई माडल हो। विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं व भौगोलिक परिस्थिति का भली भांति ज्ञान हो। बेरोजगारी, महंगाई पर भी लोगों की राय एक जैसी ही है। वह इन समस्याओं से खासे परेशान है। इसका कारगर उपाय बताने वाला ही उनका विधायक होगा।
बोली जनता
- विधायक को विधान सभा क्षेत्र की समस्याओं की समझ वाला होना चाहिए। जो विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में जाकर लोगों की समस्याओं को सुने। साथ ही उनका निराकरण वह विधानसभा में करा सके। साथ ही बेरोजगारों, मजदूरों, किसानों, महिलाओं के हित में गंभीरतापूर्वक कार्य करे। ग्रामीणों की पेयजल व बिजली की समस्या का निराकरण करा सके।
हिमांशु बिष्ट, ग्राम- सरस्यों, अल्मोड़ा
- ऐसा विधायक चुना जाना चाहिए जो हर वर्ग को साथ लेकर चल सके। उसे हर विधानसभा क्षेत्र की हर ग्राम पंचायत की समस्या का भलीभांति ज्ञान हो। विधायक के लिए सादगी के साथ कर्मठता भी जरूरी है। जो लोगों के हर सुख दु:ख में भागीदार हो। समस्याएं बताएं जाने पर उनके निराकरण के लिए गंभीरतापूर्वक प्रयास करे। साथ ही लोगों को उनकी समस्याओं से निजात दिला सके।
अरुण त्रिपाठी, चंपानौला, अल्मोड़ा
- विधायक को सभी के साथ एक जैसा व्यवहार वाला होना चाहिए। समस्याओं के निराकरण के लिए लगन व मेहनती तथा ईमानदार होना चाहिए। सभी की समस्याएं सुने यह विधायक के लिए जरूरी है। जनस्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क निर्माण आदि समस्याओं का निराकरण उसकी प्राथमिकताओं में हो। विधायक के लिए बहुमुखी प्रतिभा का धनी होना भी जरूरी है। क्योंकि इससे समूचे विधानसभा क्षेत्र के विकास में मदद मिलेगी।
महेश जोशी, माल रोड, अल्मोड़ा
- विधायक ऐसा होना चाहिए जो शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की सुख व सुविधा का ध्यान रख सके। युवा वर्ग में पनप रही नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए कारगर उपाय करे। जिससे युवा वर्ग उन्नति के पथ पर अग्रसर हो सके। विधायक ऐसा हो जो क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रयत्नशील रहे। उसे ग्रामीण क्षेत्र की एक-एक समस्या का भली भांति ज्ञान हो।
रमेश जोशी, माल रोड, पंचधारा, अल्मोड़ा