अवैध रूप से चल रहा ट्रंचिंग ग्राउंड नहीं हटा तो करेंगे भूख हड़ताल
हल्द्वानी में स्थानीय लोगों ने अवैध रूप से चल रहे ट्रंचिंग ग्राउंड को हटाने की मांग की है। साथ ही मांग पूरी न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।
हल्द्वानी, [जेएनएन]: इंदिरानगर जन विकास समिति और स्थानीय लोग अवैध रूप से चल रहे ट्रंचिग ग्राउंड को हटाने की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर उन्होंने ट्रंचिंग ग्राउंड पर धरना देते हुए जमकर नारेबाजी की।
शहीद दिवस पर आंदोलनकारी सुबह से ही धरना स्थल पर जुट गए। समिति ट्रंचिंग ग्राउंड को आबादी के पास से हटाने के लिए लंबे समय से आंदोलनरत हैं। शासन और प्रशासन से पत्राचार भी किया जा चुका है। लेकिन उन्हें लगातार गुमराह किया जा रहा है। एक सप्ताह पूर्व जिलाधिकारी ने तीन दिन का समय मांगा, लेकिन आज तक भी यहां कूड़ा फेंकना बंद नहीं हुआ है। लोगों के इस धरने को कांग्रेस, सपा, बसपा आदि राजनितिक दलों का भी साथ मिला।
वहीं समिति के अध्यक्ष जाहिद अंसारी ने ट्रंचिग ग्राउंड को तत्काल हटाने के साथ ही यहां लगाई जा रही आग को रोकने की भी मांग की। सामाजिक कार्यकर्ता सरताज आलम ने कहा कि 15 दिन के अंदर अवैध ट्रंचिग ग्राउंड को नहीं हटाया जाता तो वो भूख हड़ताल शुरू करने को मजबूर हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें: आपने भी फर्जी राशनकार्ड पर लिया खाद्यान्न तो ये खबर जरूर पढ़ें