108 एंबुलेंस में तेल खत्म, काटा हंगामा
जनपद में 108 एंबुलेंस की स्थिति सुधरने का नाम नहीं ले रही है।
जासं, चंपावत : जनपद में 108 एंबुलेंस की स्थिति सुधरने का नाम नहीं ले रही है। पहले एंबुलेंस में आए दिन खराबी की बात सामने आती थी, लेकिन एंबुलेंस के नई आने के बाद अब तेल की समस्या आने लगी। शनिवार को ऐसा ही एक मामला जिला अस्पताल में आया। जहां डॉक्टर ने एक मरीज को हायर सेंटर रेफर किया। मरीज ने जब 108 एंबुलेंस को फोन किया तो एंबुलेंस चालक ने तेल न होने की बात कही। हालांकि बाद में जब सीएमएस ने 108 एंबुलेंस के उच्चाधिकारियों से वार्ता की तो एंबुलेंस चालक मरीज को हल्द्वानी ले गया।
जनपद निवासी दीवान सिंह 70 सांस के रोग से परेशान है। बीती 14 दिसंबर को हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को हालत स्थिर होने पर फिजिशियन ने उन्हें हायर सेंटर रेफर किया। उनके ब्लेडर में गांठ होने की शिकायत है। सुबह करीब सात बजे जब डॉक्टर ने एसटीएच हल्द्वानी के लिए रेफर किया तो परिजनों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया। चालक ने बताया कि वाहन में तेल नहीं है। वह ज्यादा दूर तक नहीं जा सकते। इस पर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करना शुरू कर दिया। जब मामला जिला अस्पताल चिकित्साअधीक्षक डॉ. आरके जोशी पर पहुंचा तो उन्होंने 108 एंबुलेंस की हायर ऑथोरिटी से बात की। काफी नोकझोंक के बाद चालक मरीज को ले जाने को तैयार हुआ। जिसके बाद मामला शांत हुआ। डॉ. जोशी ने बताया कि 108 एंबुलेंस में पहले खराबी की बात आती थी लेकिन अब वाहन के नए होने के बाद अब तेल खत्म होने की बात आ गई। जिससे परिजन आक्रोशित हो उठे। हालांकि देहरादून में बात करने के बाद मरीज को 108 एंबुलेंस से हल्द्वानी भेजा गया।