अच्छी खबर : अब चाय के बेहतर उत्पादन में एप होगा मददगार, जानिए कैसे NAINITAL NEWS
प्रदेश के चाय उत्पादकों का व्यवसाय उत्पादन बढ़ाने और मौसम की बेहतर जानकारी देने के लिए भारतीय चाय बोर्ड ने कदम और आगे बढ़ा लिए हैं। इसके लिए बोर्ड ने चाय सहयोग एप लांच किया है।
मनीष साह, गरमपानी। प्रदेश के चाय उत्पादकों का व्यवसाय, उत्पादन बढ़ाने और मौसम की बेहतर जानकारी देने के लिए भारतीय चाय बोर्ड ने कदम और आगे बढ़ा लिए हैं। इसके लिए बोर्ड ने 'चाय सहयोग एप' लांच किया है। नौटी (चमोली) से इसका शुभारंभ भी कर दिया गया है।
इस एप के जरिए प्रदेश के चाय उत्पादकों को अब घर बैठे ही सारी जानकारी मोबाइल पर ही उपलब्ध हो जाएगी। एप पर ही काश्तकारों को चाय के रोजाना बढ़ते-घटते रेट व भारतीय चाय बोर्ड के समय-समय पर दी जाने वाली जानकारी व बैठकों के बारे में जानकारी दी जाएगी। बोर्ड का इवेंट कैलेंडर भी इस पर उपलब्ध होगा। उत्पादन के समय पर किए जाने वाले छिड़काव, खाद आदि की भी विस्तार से जानकारी उपलब्ध होगी। इसके लिए उत्पादकों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों ने दी जानकारी
नौटी में चाय सहयोग एप के शुभारंभ पर चाय बोर्ड पालमपुर के उपनिदेशक अनुपम दास, क्षेत्रीय अधिकारी पालमपुर सुमित ठाकुर, नौटी चाय फैक्ट्री के प्रबंधक पीसीएस रौतेला, भारतीय चाय बोर्ड अल्मोड़ा की क्षेत्रीय अधिकारी मीनाक्षी तिवारी ने नौटी के पोखरी, जंगलचट्टी, पांडवाखाल, थराली आदि गांवों के चाय उत्पादकों को एप की विस्तार से जानकारी दी। भारतीय चाय बोर्ड अल्मोड़ा की क्षेत्रीय अधिकारी मीनाक्षी तिवारी का कहना है कि चाय उत्पादकों को योजनाओं के साथ ही तमाम जानकारियां उपलब्ध हों, इसके लिए एप लांच किया गया है। प्रदेश के किसानों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। जल्द ही प्रदेश के सभी जनपदों में एप लांच कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : ऑस्ट्रेलिया से टीपू सुल्तान लेकर आया था यूकेलिप्टिस